आक्रामक सलामी बल्लेबाज विल यंग ने कहा कि न्यूजीलैंड रविवार को पांचवें और अंतिम एकदिवसीय में भारत के खिलाफ अपनी पिछली शानदार जीत की लय बरकरार रखते हुए पांच मैच की शृंखला बराबर करने की कोशिश करेगा। भारत फिलहाल शृंखला में 21 से आगे है। यंग ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह भारत के खिलाफ हमारी सबसे एकतरफा जीत में से एक थी और भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार में से भी एक थी। आप कभी इस तरह के रिकॉर्ड बनाने के इरादे से मैदान पर नहीं उतरते लेकिन बाद में इस पर गौर करना अच्छा लगता है।’’ मैच विजयी शतक लगाने वाले यंग ने कहा कि परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना इस बड़ी जीत की कुंजी रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘एकदिवसीय प्रारूप में हमारी पूरी क्रिकेट शैली परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने पर आधारित है। मैंने अपनी पारी की शुरुआत में ऐसा करने में सफलता हासिल की। जाहिर है किस्मत ने भी हमारा थोड़ा साथ दिया लेकिन हमने अच्छी नींव रखी।’’ यंग ने कहा, ‘‘हमने महसूस किया कि ऑकलैंड और वेलिंगटन में खेले गए शुरुआती दो एकदिवसीय की तुलना में यहां की पिच थोड़ी बेहतर थी और हमने ऐसा स्कोर खड़ा किया जिसे हम प्रतिस्पर्धी मानते थे।’’
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 333 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारतीय टीम 89 रन पर सिमट गई थी। यंग को आकिब नबी के दूसरे ओवर में लगातार दो गेंद पर जीवनदान मिला था। न्यूजीलैंड अंतिम एकदविसीय में कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरना होगा क्योंकि वे आगामी टेस्ट शृंखला की तैयारी के लिए रवाना होंगे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।
हालांकि यंग ने कहा कि टीम में होने वाले बदलाव अन्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘टीम में कुछ बदलाव होंगे लेकिन मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ शृंखला बराबर करने का मौका निश्चित रूप से हमारे लिए बड़ी प्रेरणा है।’’ यंग ने मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले मैट हेनरी की भी जमकर तारीफ की।



