बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी की तैयारियां इन दिनों चर्चा में है. शुक्रवार यानी आज पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ के ऑरिगेनो रिसॉर्ट में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक चढ़ाएंगे. खास बात यह है कि विधायक इस मौके पर दामाद को करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार भी उपहार में देंगे.

तय कार्यक्रम के अनुसार, समारोह में शामिल होने के लिए अनंत सिंह आज दोपहर 2 बजे हजारों समर्थकों और परिजनों के साथ अपने पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना होंगे.शाम 4 बजे तक उनके ऑरिगेनो रिसॉर्ट पहुंचने की संभावना है. शादी समारोह में राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है.

अमेरिका में नौकरी करते हैं होने वाले दामाद

शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से हो रही है. ऋषिकेश मूल रूप से पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले हैं. फिलहाल उनका परिवार पटना के रामकृष्णानगर में रहता है. ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की है. वह अभी अमेरिका में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई अहमदाबाद में हुई है. उनकी छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं.

CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं समधी

ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं. उन्होंने NDRF और NSG में भी सेवाएं दी हैं. उनकी मां आशा देवी हैं. आशा सिंह ने शिवांगी का स्वागत बहू के बजाय बेटी के रूप में करने की बात कही है. उन्होंने अनंत सिंह के प्रति अपनी प्रशंसा भी जाहिर की है.

परिवार की पहल पर तय हुआ रिश्ता

यह शादी अरेंज मैरिज है. ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, उनके बेटे के लिए रिश्ता अनंत सिंह के परिवार की ओर से आया था. दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति के बाद शादी तय की गई. शादी से पहले ऋषिकेश अनंत सिंह से मिलने उनके आवास भी पहुंचे थे.

ऋषिकेश का परिवार मूल रूप से बिहटा प्रखंड के घोड़ाटॉप गांव का रहने वाला है. शिवांगी के स्वागत के लिए बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णानगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर चार मंजिला मकान तैयार कराया गया है. इसमें गृह प्रवेश की रस्म भी पूरी हो चुकी है. शादी के बाद शिवांगी कुछ समय अपने ससुराल में रहेंगी. इसके बाद वह पति के साथ अमेरिका जा सकती हैं.

जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बनेगा मंडप

शादी समारोह की सजावट भी खास अंदाज में की जा रही है. मंडप और जयमाला स्टेज को जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर तैयार किया जा रहा है. इसका आकार करीब 100 फीट चौड़ा, 35 फीट लंबा और 30 फीट ऊंचा होगा. 20 और 21 नवंबर तक इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.

जयमाला स्टेज की तैयारियां करीब 10 बीघा जमीन पर चल रही हैं. डेकोरेशन के काम में लगभग 500 लोग जुटे हुए हैं. वहीं, लाइटिंग का सामान पश्चिम बंगाल से मंगाया गया है. शादी की तैयारियों से लेकर मेहमानों के स्वागत तक, दोनों परिवार इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हैं.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।