मध्यप्रदेश के शहडोल में दीपावली के दौरान एक दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिग लड़कों की जान चली गई. पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी देखकर चार लड़के झूला पुल के पास स्थित तालाब में कूद गए. इनमें से तीन गहरे पानी में डूब गए, जबकि चौथा किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया. घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन स्तरीय जांच टीम गठित की है. वहीं, मृतकों के परिवारों को 2525 हजार रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की गई है.

घटना शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 स्थित वंशकार मोहल्ले की है. यहां रहने वाले समीर वंशकार, गौरव वंशकार और दुर्गेश वंशकार अपने साथी पंकज वंशकार के साथ चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास तालाब किनारे मौजूद थे. इसी दौरान वहां पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पहुंच गया.
पुलिस की गाड़ी देखते ही चारों किशोर घबरा गए और तालाब में छलांग लगा दी. इस दौरान समीर, गौरव और दुर्गेश गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई. वहीं, पंकज किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया. सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम ने तालाब से तीनों लड़कों के शव बाहर निकाले.
हादसे के बाद घटना को लेकर अलगअलग तरह की चर्चाएं सामने आईं. कुछ लोगों का कहना है कि किशोर तालाब किनारे कुछ खापी रहे थे, जबकि कुछ ने वहां जुआ खेले जाने की बात कही. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की गाड़ी देखकर भाग रहे लड़कों को खदेड़ा गया, जिसके बाद डर के कारण उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी.
हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शहडोल के एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने कहा है कि लड़कों के तालाब में कूदने की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल
तीन लड़कों की मौत के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी सामने आई. परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शवों को अस्पताल ले जाने के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई. अस्पताल में स्ट्रेचर तक नहीं मिला और शवों को चादर के सहारे ले जाना पड़ा. डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए. इन अव्यवस्थाओं के विरोध में अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया गया.
प्रशासन ने गठित की तीन स्तरीय जांच टीम
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने घटना की परिस्थितियों और अस्पताल में सामने आई शिकायतों की जांच के लिए त्रिस्तरीय जांच दल बनाया है. एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग के मुताबिक, कलेक्टर के निर्देश पर गठित टीम में अपर कलेक्टर शहडोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल और सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय शहडोल को शामिल किया गया है.
जांच दल लड़कों के तालाब में कूदने की वजह से लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं तक सभी पहलुओं की बिंदुवार पड़ताल करेगा. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
तीन परिवारों में पसरा मातम
समीर, गौरव और दुर्गेश की मौत से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 2525 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है. फिलहाल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पुलिस की गाड़ी देखकर चारों लड़कों ने तालाब में छलांग क्यों लगाई और इस हादसे के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं.



