केरलम में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट करने के आरोप में 85 वर्षीय बुजुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी. आरोपी पर दोनों नेताओं को बदनाम करने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से संदेश पोस्ट करने का आरोप है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान तिरुवनंतपुरम के थाइकाउड निवासी रवींद्रनाथन नायर के रूप में हुई है. तिरुवनंतपुरम सिटी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में 4 नवंबर को एक कांग्रेस नेता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था. आरोप है कि नायर ने ‘त्रिवेंद्रम क्लब सीनियर्स फोरम TVM क्लब’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं.

BNS और IT एक्ट के तहत केस दर्ज

आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर व्हाट्सएप ग्रुप में दोनों नेताओं को निशाना बनाते हुए अपमानजनक संदेश पोस्ट किए. ये संदेश ग्रुप के दूसरे सदस्यों को भी दिखाई दे रहे थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन टिप्पणियों का मकसद राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बदनाम करना और उनकी सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था. पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर किसी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक या मानहानिकारक टिप्पणी करने के मामलों में शिकायत मिलने पर पुलिस कानूनी कार्रवाई कर सकती है. इस मामले में भी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट किए गए संदेशों से दोनों नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. पुलिस ने शिकायत और एफआईआर में दर्ज आरोपों के आधार पर BNS और IT एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है.