Chittorgarh News: राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में आस्था और अटूट विश्वास की एक बेहद अनूठी और भव्य तस्वीर सामने आई है. सांवलिया सेठ के दरबार में चढ़ाए जाने वाले अनोखे चढ़ावे हमेशा से चर्चा का केंद्र बने रहते हैं. कभी चांदी की किताब तो कभी चांदी का पेट्रोल पंप अर्पित किया जाता है. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार दिल्ली के एक भक्त ने भगवान श्री सांवलिया सेठ के चरणों में 3 किलो 370 ग्राम चांदी से निर्मित दो खूबसूरत ‘शोरूम’ अर्पित किए हैं. इस अनोखे चढ़ावे की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है.

सांवलिया सेठ के दरबार में अर्पित इस अनोखे चढ़ावे के पीछे भक्त की मन्नत जुड़ी थी. जानकारी के अनुसार, यह अनूठी भेंट दिल्ली के एक प्रमुख ज्वेलरी व्यवसायी द्वारा अर्पित की गई है. भक्त के शोरूम का नाम गिरी जेवर महल बताया जा रहा है, जिसकी तर्ज पर यह प्रतिकृतियां तैयार कराई गई थीं. भक्त ने अपने नए ‘शोरूम’ की सफलता और समृद्धि की मनोकामना भगवान श्री सांवलिया सेठ से मांगी थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मनोकामना पूरी होने के बाद आभार व्यक्त करते हुए भक्त ने ठाकुरजी को यह भेंट सौंपी.
3 किलो 370 ग्राम चांदी से बने हैं दोनों शोरूम
श्री सांवलिया जी मंदिर मंडल और श्रद्धालुओं के बीच इस अनूठी कलाकृति की भव्यता को लेकर काफी उत्साह है. चांदी से बने दोनों ‘शोरूम’ की फिनिशिंग और नक्काशी देखते ही बनती है. दोनों चांदी के शोरूम का कुल वजन 3 किलोग्राम 370 ग्राम दर्ज किया गया है. अनोखे चढ़ावे के लिए प्रसिद्ध है धाम: सांवलिया सेठ मंदिर में इससे पहले भी भक्तों द्वारा चांदी का आईफोन, कार, पेट्रोल पंप, ट्रैक्टर और चांदी की किताबें अर्पित की जा चुकी हैं.



