जीएसटी के मोर्चे पर भारत को सरकार को काफी राहत की खबर मिली है. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जीएसटी कलेक्शन में समान अवधि के मुकाबले में इस साल सितंबर महीने में 14.7 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है. वहीं दूसरी ओर रिफंड के मोर्चे पर गिरावट देखी गई है, जोकि 3 फीसदी है. खास बात तो ये है कि अगस्त के आंकड़ों के मुकाबले में भी सितंबर का डाटा काफी मजबूत दिखाई दे रहा है. मौजूदा कैलेंडर ईयर में ये चौथी बार है जब सरकारी खजाने में जीएसटी कलेक्शन के तौर पर आंकड़ा 2 लाख करोड़ रुपए के पार गया है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर सरकार की ओर से जीएसटी कलेक्शन को लेकर किस तर​ह के आंकड़े सामने रखे हैं.

जीएसटी कलेक्शन में देखने को मिला इजाफा

  1. भारत सरकार ने सितंबर महीने में ग्रॉस गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स के तौर पर 2,03,521 करोड़ रुपए जमा किए, जो पिछले साल इसी महीने की तुलना में 14.7 फीसदी ज्यादा है.
  2. इस फाइनेंशियल ईयर की पहली छमाही के लिए कुल ग्रॉस कलेक्शन 12,46,278 करोड़ रुपए रहा, जो 11.6 फीसदी ज्यादा है.
  3. सितंबर में रिफंड के मोर्चे पर गिरावट देखने को मिली और आंकड़ा 3 फीसदी सालाना घटकर 27,001 करोड़ रुपए हो गया.
  4. सितंबर के कलेक्शन में CGST 37,762 करोड़ रुपए, SGST 45,363 करोड़ रुपए और IGST 1,20,396 करोड़ रुपए रहा.
  5. कुल नेट GST रेवेन्यू की बात करें तो सालाना आधार पर 18.1 फीसदी बढ़कर 1,76,520 करोड़ रुपए हो गया.
  6. भारत का ग्रॉस डोमेस्टिक रेवेन्यू 10.1 फीसदी बढ़कर 1,25,334 करोड़ रुपए से 1,37,996 करोड़ रुपए हो गया, जबकि नेट डोमेस्टिक रेवेन्यू 13.5 फीसदी बढ़कर 1,24,491 करोड़ रुपए हो गया.

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कलेक्शन

  1. बड़े राज्यों में, महाराष्ट्र ने सितंबर में सबसे ज़्यादा GST कलेक्शन दर्ज किया, जो 29,986 करोड़ रुपए रहा. यह एक साल पहले के 25,973 करोड़ रुपए से 15% ज्यादा है.
  2. इसके बाद कर्नाटक का नंबर रहा, जहां कलेक्शन 13,884 करोड़ रुपए रहा और 16% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि गुजरात का GST रेवेन्यू 17% बढ़कर 12,222 करोड़ रुपए हो गया.
  3. उत्तर प्रदेश के GST रेवेन्यू में 18% की बढ़ोतरी हुई और यह सितंबर में 8,882 करोड़ रुपए हो गया, जबकि एक साल पहले यह 7,516 करोड़ रुपए था.
  4. तेलंगाना में भी 18% की बढ़ोतरी हुई और कलेक्शन 4,512 करोड़ रुपए से बढ़कर 5,327 करोड़ रुपए हो गया. पंजाब का GST रेवेन्यू 18% बढ़कर 2,549 करोड़ रुपए हो गया.
  5. बड़े राज्यों में असम ने सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी दर्ज की, जहाँ GST कलेक्शन सालाना आधार पर 88% बढ़कर 1,287 करोड़ रुपए से 2,415 करोड़ रुपए हो गया.
  6. इसके बाद मणिपुर में 145% की बढ़ोतरी के साथ कलेक्शन 92 करोड़ रुपए हो गया, जबकि अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में क्रमशः 46% और 39% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

इन राज्यों में दिखी गिरावट

  • सितंबर के दौरान कई राज्यों के GST कलेक्शन में गिरावट देखी गई. सिक्किम में सबसे ज़्यादा गिरावट आई, जहां रेवेन्यू 51% गिरकर 194 करोड़ रुपए हो गया.
  • जम्मूकश्मीर का कलेक्शन 29% गिरकर 487 करोड़ रुपए हो गया, जबकि उत्तराखंड में 23% की गिरावट के साथ यह 1,277 करोड़ रुपए और हिमाचल प्रदेश में 21% की गिरावट के साथ 640 करोड़ रुपए हो गया.
  • तमिलनाडु का GST रेवेन्यू सालाना आधार पर 5% गिरकर 10,188 करोड़ रुपए हो गया, जबकि गोवा का कलेक्शन 7% गिरकर 494 करोड़ रुपए हो गया.
  • पुडुचेरी में 31% की गिरावट के साथ कलेक्शन 179 करोड़ रुपए हो गया और मेघालय का कलेक्शन 14% गिरकर 164 करोड़ रुपए हो गया.
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।