किस्मत कब किसका साथ दे जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाले एक शख्स के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. एक साधारण सी लॉटरी टिकट ने उसे रातोंरात करोड़पति बना दिया. इस टिकट ने 2026 की अब तक की सबसे बड़ी लॉटरी जीत दर्ज कराई है.

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को हुई मेगा मिलियंस ड्रॉ में एक टिकट ने सभी सही नंबर मैच कर दिए. इस टिकट ने पूरे 803 मिलियन डॉलर यानी लगभग 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का जैकपॉट जीत लिया. इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद अब यह व्यक्ति दुनिया के सबसे भाग्यशाली लोगों में शामिल हो गया है.
फ्लोरिडा की दुकान से खरीदी गई थी टिकट
लकी टिकट फ्लोरिडा के ब्रैडेंटन शहर में स्थित एक वावा कन्वीनियंस स्टोर से खरीदी गई थी. यह स्टोर स्टेट रोड 70 पर मौजूद है. लॉटरी अधिकारियों के मुताबिक, इसी दुकान से खरीदी गई टिकट ने मेगा मिलियंस के सभी विजेता नंबरों को सही साबित किया. विजेता टिकट पर सफेद गेंदों के नंबर 34, 48, 49, 59 और 70 थे. इसके अलावा गोल्ड मेगा बॉल नंबर 12 भी सही निकला. ड्रॉ के बाद जब नंबरों का मिलान किया गया तो पता चला कि जैकपॉट जीतने वाला टिकट केवल एक ही था.
विजेता के सामने बड़ा फैसला
इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि विजेता पैसा किस तरह लेना चाहेगा. लॉटरी नियमों के अनुसार, उसके पास दो विकल्प हैं. पहला ऑप्शन है कि वह पूरी रकम को 30 साल तक मिलने वाली सालाना किस्तों के रूप में ले. दूसरा ऑप्शन है कि वह एक बार में पूरी राशि ले सकता है. अगर वह एकमुश्त भुगतान चुनता है तो उसे टैक्स कटने से पहले करीब 345.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3 हजार करोड़ रुपये मिलेंगे. कई बड़े लॉटरी विजेता आमतौर पर एक साथ पैसा लेना पसंद करते हैं, क्योंकि इससे उन्हें निवेश और भविष्य की योजनाएं बनाने में आसानी होती है. हालांकि, कुछ लोग लंबी अवधि की किस्तों को भी सुरक्षित ऑप्शन मानते हैं.
फ्लोरिडा में नहीं लगता राज्य टैक्स
इस जैकपॉट की एक खास बात यह भी है कि फ्लोरिडा में लॉटरी जीतने वाली रकम पर कोई राज्य टैक्स नहीं लगाया जाता. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, विजेता को अमेरिका के संघीय यानी फेडरल इनकम टैक्स का भुगतान करना होगा. नियमों के अनुसार, विजेता के पास ड्रॉ की तारीख से 180 दिनों के अंदर अपनी जीत का दावा करने का समय है. इसके अलावा वह अपनी पहचान को कुछ समय तक गुप्त भी रख सकता है. फ्लोरिडा के कानून के तहत विजेता दावा करने के बाद 90 दिनों तक अपनी पहचान छिपाने का ऑप्शन चुन सकता है.
38 ड्रॉ के बाद मिला जैकपॉट विजेता
मेगा मिलियंस जैकपॉट पिछले कई हफ्तों से लगातार बढ़ रहा था. मार्च के मध्य से लेकर इस ड्रॉ तक करीब 38 बार ड्रॉ हुआ, लेकिन कोई भी खिलाड़ी सभी सही नंबर नहीं मिला पाया था. आखिरकार जुलाई के इस ड्रॉ में एक टिकट ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया. यह जीत 2026 की सबसे बड़ी लॉटरी जीत बन गई है. साथ ही यह मेगा मिलियंस के इतिहास की 10वीं सबसे बड़ी जैकपॉट जीत भी है. हालांकि, इतनी बड़ी रकम जीतना आसान नहीं होता. मेगा मिलियंस जैकपॉट जीतने की संभावना करीब 29 करोड़ में सिर्फ एक व्यक्ति की होती है. इसका मतलब है कि लाखोंकरोड़ों टिकटों में से किसी एक टिकट के भाग्य में ही यह मौका आता है.
अब फिर से शुरू हुआ जैकपॉट का सफर
इतनी बड़ी जीत के बाद मेगा मिलियंस जैकपॉट फिर से रीसेट हो गया है. आने वाले ड्रॉ के लिए अब इसकी शुरुआती अनुमानित राशि करीब 50 मिलियन डॉलर रखी गई है. फ्लोरिडा लॉटरी अधिकारियों ने नए विजेता को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी जीत सिर्फ एक व्यक्ति की जिंदगी नहीं बदलती, बल्कि यह दूसरों को भी सपने देखने की उम्मीद देती है. लॉटरी से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा राज्य में शिक्षा जैसे कामों के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. फिलहाल सबसे बड़ी उत्सुकता इस बात को लेकर है कि आखिर यह भाग्यशाली विजेता कौन है और वह इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद अपनी जिंदगी को किस तरह बदलता है. एक छोटी सी टिकट ने उसकी पूरी दुनिया बदल दी है.



