मैंने अपनी बीवी को मार दिया... फिर बहन को मारकर खुद को भी मारी गोली, लखनऊ में डबल मर्डर और सुसाइड का मामला | lucknow divya mishra shot dead by his husband manas killed his sister and self shooting

लखनऊ के गोमती नगर में गुरुवार को एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी, बहन और फिर खुद पर गोली चला दी. पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि आरोपी ने घर पहुंचकर पहले अपनी बहन को गोली मारी और फिर खुद की जान ले ली.

लखनऊ के गोमती नगर में एक बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी को बैंक के बाहर मिलने के लिए बुलाया था और बातचीत के बाद उस पर गोली चला दी. इसके बाद घर जाकर उसने बहन को निशाना बनाया. आत्महत्या से पहले आरोपी ने WhatsApp पर एक स्टेटस भी लगाया, जिसमें पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था. पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है.

कहां मारी दिव्या मिश्रा को गोली?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस बाजपेई गुरुवार दोपहर कार से ICICI बैंक पहुंचा. यहां उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं. मानस ने फोन करके दिव्या को बैंक से बाहर बुलाया. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई. इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या पर गोली चला दी और वहां से फरार हो गया. दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस घटना से आसपास हड़कंप मच गया.

घर पहुंचकर बहन को बनाया निशाना

पत्नी पर हमला करने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के घर पहुंचा. आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक, उस समय वह काफी घबराया हुआ था और पसीने से भीगा हुआ दिखाई दे रहा था. घर में जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. कुछ समय बाद अंदर से आवाज सुनाई दी. पुलिस के अनुसार, मानस ने अपनी बहन को भी गोली मार दी. उसकी बहन उसके साथ ही रहती थी.

इसके बाद खुद को भी मारी गोली

बहन पर गोली चलाने के बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए. स्थानीय लोगों के अनुसार, मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी. वह SBI में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता था. उसकी बहन के मानसिक रूप से बीमार होने की बात भी सामने आई है.

मौत से पहले WhatsApp पर लगाया ये स्टेटस

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल आरोपी के WhatsApp स्टेटस को लेकर है. आत्महत्या से पहले उसने एक स्टेटस लगाया था. इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसे धोखा दिया था. स्टेटस में उसने अपनी बहन और खुद को भी मारने की बात कही. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साथ ही उसने पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव को मामले की जानकारी होने का दावा किया. पुलिस इस स्टेटस को भी जांच का हिस्सा बना रही है.

पति से तलाक की अर्जी दे चुकी थी दिव्या

दिव्या मिश्रा की शादी मानस से करीब 12 साल पहले हुई थी. दोनों की कोई संतान नहीं थी. बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले दिव्या ने पति से तलाक के लिए अदालत में अर्जी दी थी. इसके बाद वह आलमबाग इलाके में अलग रहने लगी थीं. दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा एक जानी-मानी यूट्यूबर हैं. वह पहले भारत समाचार में काम कर चुकी हैं और बाद में उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया. प्रज्ञा ने भरत यादव से 26 फरवरी 2020 को शादी की थी.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पत्नी की हत्या, बहन पर हमला और फिर आरोपी की मौत के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस फोरेंसिक जांच और उपलब्ध सबूतों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.