Wednesday, March 11, 2026
Gazab

मासूम को दबोचकर भाग रहे तेंदुए से भिड़ी मां, मौत के जबड़े से छीन लिया अपने कलेजे का टुकड़ा!

मासूम को दबोचकर भाग रहे तेंदुए से भिड़ी मां, मौत के जबड़े से छीन लिया अपने कलेजे का टुकड़ा!
मासूम को दबोचकर भाग रहे तेंदुए से भिड़ी मां, मौत के जबड़े से छीन लिया अपने कलेजे का टुकड़ा!

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में मां पिंकी ने गन्ने से हमला कर अपने 3 वर्षीय बेटे को तेंदुए के जबड़े से बचा लिया। तेंदुआ बच्चे को गर्दन से दबोचकर खेत में ले जा रहा था। गंभीर घायल बच्चे को दिल्ली रेफर किया गया है। ग्रामीण वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात ममता और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। ‘मौत’ के रूप में आए एक खूंखार तेंदुए के जबड़े से एक मां ने अपने तीन साल के कलेजे के टुकड़े को छीन लिया। अपनी जान की परवाह किए बिना यह बहादुर मां तब तक तेंदुए से लड़ती रही, जब तक कि वह बच्चे को छोड़कर भाग नहीं गया।

खेलते समय अचानक हुआ हमला

घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। ग्राम तरफ दलपत निवासी रवि कुमार का मकान जंगल और गन्ने के खेतों से बिल्कुल सटा हुआ है। उनका तीन वर्षीय पुत्र मोक्ष कुमार (टीटू) अपनी मां पिंकी और बड़े भाई के साथ घर के बाहर खेल रहा था। रात का अंधेरा होने के कारण कोई देख नहीं पाया कि पास के गन्ने के खेत में एक खूंखार तेंदुआ घात लगाकर बैठा है। जैसे ही मोक्ष थोड़ा आगे बढ़ा, तेंदुए ने अचानक छलांग लगाई और बच्चे की गर्दन को अपने मजबूत जबड़ों में दबोच लिया।

जब मौत से टकरा गई ममता

तेंदुआ मासूम मोक्ष को घसीटते हुए अंधेरे गन्ने के खेतों की ओर ले जाने लगा। बच्चे की हृदय विदारक चीख सुनकर मां पिंकी बदहवास होकर बाहर दौड़ीं। सामने का मंजर देखकर किसी के भी हाथ-पांव फूल जाते, लेकिन पिंकी ने हिम्मत नहीं हारी। पास ही गन्ने का ढेर पड़ा था, जहाँ से उन्होंने एक मोटा गन्ना उठाया और बिना सोचे-समझे तेंदुए पर टूट पड़ीं। उन्होंने तेंदुए के सिर और बदन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए इस जवाबी हमले से तेंदुआ सकपका गया। उसे उम्मीद नहीं थी कि कोई इंसान उस पर इस तरह हावी होगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आखिर में तेंदुआ बच्चे को लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

बच्चे की हालत नाजुक, दिल्ली रेफर

तेंदुए के हमले में मासूम मोक्ष बुरी तरह घायल हो गया है। खूंखार जानवर ने बच्चे का आधा कान चबा लिया है और उसके सिर व गले पर गहरे जख्म हैं। शोर सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जमा हो गए और आनन-फानन में बच्चे को काशीपुर (उत्तराखंड) के सहोता अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को न्यूरो और प्लास्टिक सर्जरी की तत्काल आवश्यकता है, जिसके बाद उसे रात में ही दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में उबाल

घटना की जानकारी मिलने पर वन दरोगा पीयूष जोशी के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची और पदचिह्नों की जांच की। हालांकि, ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से तेंदुए की मौजूदगी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन विभाग ने पिंजरा नहीं लगाया। अब पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply