
तारीख थी 24 फरवरी… समय सुबह के 11 बज रहे थे… गुजरात का सूरत शहर. यहां वेसू इलाके में उस रोज खेतान परिवार के घर कुछ ऐसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यहां बालमुकुंद खेतान उर्फ बिट्टू ने पत्नी प्रियंका संग मिलकर दो मासूम बेटियों (9 और 7 साल) को जहर दिया. फिर खुद भी जहर खा लिया. इससे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. प्रियंका ने अपने पिता संजय अग्रवाल को फोन करके कहा- पापा मेरे पति बेहोश हो गए हैं. आप घर आ जाओ.
पिता संजय अग्रवाल ने अपनी पत्नी अनीता से कहा- सुनो तुम प्रियंका के घर जाओ. जैसे ही प्रियंका की मां वहां पहुंची (हैप्पी एलिगेंस अपार्टमेंट) को मंजर हैरान कर देने वाला था. उनकी 7 साल की नातिन पार्थिवी घर से बाहर थी. आस पास कई लोग एकत्रित थे. अंदर जाकर देखा तो पाया कि बालमुकुंद की लाश पड़ी है. वहीं, प्रियंका और 9प साल की बेटी भाव्या बेसुध पड़ी हैं. पार्थिवी की हालत भी खराब थी. वो उल्टी कर रही थी.
आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया. अगली सुबह यानि बुधवार को प्रियंका और भाव्या की भी मौत हो गई. पार्थिवी की हालत गंभीर थी. उसका इलाज किया जा रहा था. इधर पुलिस को भी सूचना मिल चुकी थी. तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया.
3 पन्नों का सुसाइड नोट मिला
पुलिस को 3 पन्नों का सुसाइड नोट मिला. ये नोट प्रियंका ने लिखा था. इसमें लिखा था कि वो सूदखोर वैभव रुंगटा से परेशान हैं. उधार के पैसों के लिए वो उनका मानसिक रूप से उत्पीड़न कर रहा था. वो उनसे जबरन वसूली करता था. उनकी मोपेड भी जब्त कर ली थी. क्रेडिट कार्ड को भी इस्तेमाल कर रहा था. क्रेडिट कार्ड से उसने 1.59 लाख की शॉपिंग की थी. इन्ही सब चीजों से तंग आकर परिवार ने सुसाइड किया. अभी भी आरोपी फरार है. पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में तभी असल कारण सामने आएगा, जब आरोपी की गिरफ्तारी होगी.
उल्टी से बची मासूम की जान
बताया जा रहा है कि 7 साल की पार्थिवी की जान इसलिए बच पाई क्योंकि उसे उल्टी हो गई थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जब पार्थिवी को उल्टी हुई तो मासूम ने घर का दरवाजा खोला. तब जाकर पड़ोसियों को इस बात की जानकारी हुई. इस घटना के बाद अब मासूम पार्थिवी अनाथ हो गई है. न उसके माता-पिता रहे और ना बड़ी बहन. मासूम बच्ची ने अभी बस इतना बताया है कि मम्मी-पापा किसी कॉपी में कुछ लिख रहे थे. बताया कि मां प्रियंका ने ही उसे और उसकी बहन को कुछ पीने को दिया था. जिसके बाद उसे उल्टी हुई. माना जा रहा है कि ये वही सुसाइड नोट है जो मौके से पुलिस ने बरामद किया है.





