
मार्च के महीने में गर्मी का प्रकोप भी देखने को मिला तो अब मौसम अपने तरह-तरह के रंग दिखा रहा है। आखिरी सप्ताह में भी बारिश मुसीबत बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राजधानी दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत 11 राज्यों में बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान का भी अलर्ट है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। कई जगहों पर ओलावृष्टि और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।
दिल्ली और यूपी में अभी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग की मानें तो 28 से 30 मार्च के बीच अभी उत्तर प्रदेश और राजधानी दिल्ली में तेज बारिश की संभावना है। राजधानी में शुक्रवार को इस साल की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई, हालांकि दिन के दौरान कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि मार्च में यह असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभों की एक श्रृंखला से जुड़ा है तथा 15 मार्च से सक्रिय ये विक्षोभ इस बार सामान्य से कम ऊंचाई पर आगे बढ़ रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप उनका प्रभाव भी गहरा हो गया है और यही वजह है कि दिल्ली के मौसम का मिजाज भी इन दिनों बदला-बदला सा है। अधिकारियों के अनुसार, इसके प्रभाव से दिल्ली के कुछ हिस्सों में दिन में तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश होने और हल्की धूल भरी आंधी की संभावना है, हालांकि मौजूदा मौसम गतिविधियों का तापमान पर कोई खास असर पड़ने के आसार नहीं है।
यूपी का मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। विभाग के अनुसार, 29 मार्च से एक अप्रैल के बीच राज्य में बारिश का नया और अधिक सक्रिय दौर शुरू होने का अनुमान है।
इस प्रणाली के कमजोर पड़ने के बाद 28 और 29 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने 28 मार्च के लिए लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मौसम के मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस अवधि में प्रदेश में शुष्क मौसम रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में 29 और 30 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रतिघंटा हो सकती है। चंडीगढ़ में भी मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ों में बर्फबारी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकतीहै। 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा बर्फबारी की भी संभावना है।






