Himachal Se: Auraiya murder case: उत्तर प्रदेश के औरैया में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना सूरजपुर मोहल्ले की है. यहां 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव उनके ही घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है.

शुरुआती जांच में घर के अंदर अलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी के विरोध में महिला की हत्या की गई हो सकती है. संतोष कुमारी घर में अकेली रहती थीं. उनका एक बेटा मध्य प्रदेश के विदिशा में रहकर काम करता है, जबकि दूसरे बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है.
महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला
पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर के बाद से महिला घर के बाहर दिखाई नहीं दी थीं. बुधवार देर रात तक जब घर का मेन दरवाजा बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों को शक हुआ. इसके बाद पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. महिला का शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था.
घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. सूचना पर बिधूना पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घर के भीतर बारीकी से जांच की. मौके पर सामान बिखरा हुआ मिला, जबकि अलमारी और बक्सों के ताले टूटे पाए गए. ऐसे में पुलिस चोरी की वारदात के दौरान हत्या किए जाने की आशंका को गंभीरता से जांच रही है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं.
क्या बोले एसपी?
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि 27 और 28 मई की रात कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि थाना बिधूना क्षेत्र के सूरजपुर मोहल्ले में एक महिला का शव घर के अंदर पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.



