Himachal Se: भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में बकरीद से एक दिन पहले एक युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जिले के औराई थाना क्षेत्र के घोसिया कस्बे में मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले युवक को भीड़ ने दौड़ादौड़ाकर पीटा। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद और 20 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 9 बजे सदर मोहाल इलाके में हुई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घायल युवक की पहचान 34 साल के इंतेखाब आलम के रूप में हुई है।

शरीयत से जुड़े मसले पर मांग रहे थे जानकारी
बताया गया कि इंतेखाब आलम नमाज अदा करने के बाद मस्जिद में मौजूद हाफिज से से जुड़े एक मसले पर जानकारी मांग रहे थे। आरोप है कि हाफिज ने सवाल का जवाब देने के बजाय बाहर आकर अपने एक परिचित को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने इंतेखाब से गालीगलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। मामला बढ़ने पर मस्जिद से बाहर निकले अन्य लोग भी वहां जमा हो गए। SHO अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भीड़ ने इंतेखाब को दौड़ादौड़ाकर पीटा। बताया जा रहा है कि करीब 25 से 30 लोगों ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया।
घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया
जान बचाने के लिए इंतेखाब अपने घर की तरफ भागे, लेकिन भीड़ वहां भी पहुंच गई। आरोप है कि लोगों ने उनकी गाड़ी, घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और दरवाजे को भी तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए घोसिया में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।



