Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और प्रबंधन की एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है. यहां एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजन जब शव को लेकर लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी तीसरे माले से ग्राउंड फ्लोर के बीच लिफ्ट दूसरे माले पर अचानक बंद हो गई और दरवाजा भी नहीं खुला. लिफ्ट के भीतर शव के साथ चार लोग फंस गए. हैरानी की बात यह रही कि लिफ्ट के अंदर दर्ज टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली. करीब 45 मिनट तक परेशान रहे लोगों को आखिरकार पुलिस की डायल 112 सेवा और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.

जानकारी के मुताबिक, पन्ना जिले के अमानगंज निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी अपनी मरीज ममता द्विवेदी को 25 नवंबर को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे थे. गंभीर बीमारियों से पीड़ित ममता द्विवेदी ने शनिवार सुबह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. महिला की मौत के बाद परिजन शव को लेकर लिफ्ट के जरिए ग्राउंड फ्लोर पर जा रहे थे, तभी दूसरे माले पर लिफ्ट अटक गई.
30 मिनट तक नहीं खुली लिफ्ट, घुटने लगा दम
परिजनों के अनुसार, लिफ्ट के अंदर लिखे टोल फ्री नंबर पर कॉल करने के बावजूद कोई सहायता नहीं मिल सकी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। करीब 30 मिनट तक लिफ्ट बंद रहने से शव के साथ मौजूद चारों लोगों का दम घुटने लगा.
डायल 112 और सीएम हेल्पलाइन की मदद से 45 मिनट बाद निकले बाहर
हालात बिगड़ते देख फंसे लोगों ने पुलिस की डायल 112 सेवा पर मदद की गुहार लगाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई. इसके करीब 15 मिनट बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और शव के साथ मौजूद चारों लोगों को बाहर निकाला गया. इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं और आपातकालीन सुविधाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.



