कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी ऑटो बॉयोग्राफी में गांधी परिवार के भीतर के उन घटनाक्रमों का जिक्र किया है, जिनके बारे में सार्वजनिक तौर पर बहुत कम बातें सामने आई थीं. सोनिया ने संजय गांधी और मेनका गांधी की प्रेम कहानी, शादी के बाद परिवार में पैदा हुए मतभेद, संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और उनकी मौत के बाद मेनका के इंदिरा गांधी का घर छोड़ने तक की कहानी लिखी है. उनके मुताबिक, एक वक्त गांधी परिवार की छोटी बहू के रूप में घर में आईं मेनका के साथ रिश्ते धीरेधीरे इतने खराब हो गए कि आखिरकार उन्हें घर छोड़कर जाना पड़ा.

सोनिया गांधी ने अपनी किताब Belonging: A Journey of Love में इस पूरे घटनाक्रम को अपने नजरिए से दर्ज किया है. उन्होंने परिवार के भीतर की बातचीत, आपसी आरोपप्रत्यारोप और राजनीतिक मतभेदों का भी जिक्र किया है. सोनिया ने इस घटनाक्रम को आज के दौर के ‘रियलिटी शो’ से जोड़ते हुए लिखा है कि जिस तरह घर छोड़ने की घटना के बाद सार्वजनिक तौर पर आरोपप्रत्यारोप का सिलसिला चला, उसने एक पारिवारिक विवाद को तमाशे में बदल दिया.
1973 में हुई मुलाकात, एक साल के भीतर शादी
सोनिया गांधी के मुताबिक, 1973 के आखिरी महीनों में संजय गांधी और मेनका का परिचय हुआ था. इसके एक साल के भीतर दोनों ने शादी कर ली. उस वक्त मेनका की उम्र महज 18 साल थी. शादी के बाद वह गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर घर में आईं. सोनिया लिखती हैं कि मेनका काफी जोशीली और बातूनी थीं. शुरुआत में परिवार में एक देवरानी का होना उन्हें अच्छा लगा था. वह मेनका और खुद को घर की बराबर की बेटियां मानती थीं और चाहती थीं कि दोनों के बीच पर्याप्त जगह और अपनापन बना रहे.
सोनिया ने लिखा, ‘मेनका में काफी उत्साह था. शुरुआत में घर में एक देवरानी का होना अच्छा लगा. लेकिन धीरेधीरे माहौल बदलने लगा और घर में छोटीछोटी बातों को लेकर परेशानियां पैदा होने लगीं.’ सोनिया के मुताबिक, घर के कर्मचारी उन्हें ‘बहुरानी’ कहकर बुलाते थे. वह चाहती थीं कि परिवार में दोनों बहुओं को बराबर का सम्मान और जगह मिले. हालांकि, उन्हें लगता है कि मेनका ने इस व्यवहार को खुद को कमतर समझे जाने के तौर पर लिया.
उन्होंने लिखा कि जब मेनका रूखेपन से बात करती थीं तो घर में शांति बनाए रखने के लिए वह आमतौर पर चुप रह जाती थीं, लेकिन जब उन्हें लगता था कि बात हद से आगे बढ़ रही है तो वह भी मेनका को दो टूक जवाब देने से पीछे नहीं हटती थीं.
संजय और मेनका के बीच बढ़ने लगीं बहसें
सोनिया के मुताबिक, शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के दूसरे सदस्यों के सामने आने लगे थे. दोनों के बीच बहस का सिलसिला बढ़ता गया और बातचीत का लहजा भी तीखा होने लगा. सोनिया ने लिखा कि नाराज होने पर मेनका अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं, यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी. उनके मुताबिक, गांधी परिवार में इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल वर्जित था. इससे संजय असहज हो जाते थे और परिवार के दूसरे सदस्य भी हैरान रह जाते थे.
हालांकि, सोनिया ने यह भी स्वीकार किया कि एक युवा लड़की के लिए संयुक्त परिवार में रहना आसान नहीं रहा होगा, खासकर तब जब उसका स्वभाव मिलनसार और लोगों से घुलनेमिलने वाला हो. किताब के मुताबिक, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक समारोहों और कार्यक्रमों में जाने लगीं तो वह परिवार में कुछ हद तक सहज दिखाई देने लगीं, लेकिन सोनिया का दावा है कि मेनका का संजय पर प्रभाव उनके और राजीव गांधी के रिश्तों में भी दखल देने लगा था. कुछ महीने पहले तक एकदूसरे के बेहद करीब रहने वाले दोनों भाइयों के बीच कड़वाहट पैदा होने लगी थी.
संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से इंदिरा गांधी भी थीं परेशान
सोनिया ने लिखा है कि आपातकाल के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ने के बाद वह साक्षात्कारों में नौकरशाही की धीमी कार्यप्रणाली पर अपनी राय जाहिर करने लगे थे. उनके कुछ विचारों को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना के तौर पर भी देखा जा सकता था. सोनिया के मुताबिक, संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ धड़ों का समर्थन मिलने लगा था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इंदिरा गांधी को लगने लगा था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों के लिए उन्हें प्रोत्साहित कर रही हैं. सोनिया ने किताब में इंदिरा गांधी और उनके तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर के बीच हुई बातचीत का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी ने अपनी छोटी बहू के बारे में कहा था, ‘उसके अभी से पर निकलने लगे हैं.’
1978 के चुनाव के बाद बढ़ी परिवार में कड़वाहट
सोनिया गांधी के संस्मरण के मुताबिक, 1978 के संसदीय चुनाव के बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई थी. राजीव गांधी का मानना था कि संजय गांधी ने चुनाव में कांग्रेस की करारी हार में बड़ी भूमिका निभाई थी. सोनिया लिखती हैं कि राजीव को लगता था कि संजय की जिद, उतावलापन, बिना सोचेसमझे कार्यक्रम लागू करने की जल्दबाजी और अच्छी सलाह नहीं मानने की प्रवृत्ति ने कांग्रेस के लिए प्रतिकूल स्थिति पैदा की. राजीव का यह भी मानना था कि संजय कई मौकों पर अपनी मां की जानकारी के बिना फैसले लेते थे.
किताब में सोनिया ने परिवार के भीतर हुई एक चर्चा का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, उस दौरान राजीव गांधी ने संजय से नाराज होकर कहा था, ‘मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय. तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है.’ सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी भी परेशान और व्यथित थीं. उन्होंने राजीव की बात का समर्थन करते हुए संजय से कहा था, ‘राजीव ने जो कहा है, वह सही है, संजय! तुमने कितनी बार मेरी जानकारी के बिना आदेश दिए.’
इसी दौरान मेनका ने बातचीत में हस्तक्षेप किया. सोनिया के मुताबिक, इस पर इंदिरा गांधी ने ऊंची आवाज में उन्हें चुनौती दी कि वह इन आरोपों को गलत साबित करें. मेनका तुरंत पीछे हट गईं, लेकिन इसके बाद परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई.
पत्रकारों के जरिए परिवार के खिलाफ कहानियां फैलाने का आरोप
सोनिया ने लिखा है कि मेनका की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां लगातार परेशानी का कारण बन रही थीं. उनके मुताबिक, मेनका परिवार के सदस्यों को अपना दुश्मन मानने लगी थीं और उन पत्रकारों के जरिए उनके बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनसे उनका संपर्क था. सोनिया ने लिखा, ‘जहां तक मेनका का सवाल था, हम उनके दुश्मन थे. वह उन पत्रकारों के जरिए हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनके संपर्क में वह थीं.’ उन्होंने कहा कि परिवार को सबसे ज्यादा ठेस इस आरोप से पहुंची थी कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया ने देश छोड़कर भागने की योजना बनाई थी. सोनिया ने इस आरोप को झूठा बताया है.
संजय गांधी की मौत के बाद और गहरा हुआ विवाद
23 जून 1980 को विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत हो गई. सोनिया के मुताबिक, इसके बाद परिवार के भीतर हालात और गंभीर हो गए. उन्होंने लिखा है कि संजय की मौत के बाद मेनका की राजनीतिक भूमिका को लेकर परिवार में मतभेद बढ़ने लगे थे. सोनिया के अनुसार, माना जा रहा था कि मेनका की मां संजय के समर्थकों को कांग्रेस में उनकी पत्नी के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं, लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं.
इसके अलावा मेनका का तीन महीने का बच्चा था. इंदिरा गांधी का मानना था कि उन्हें फिलहाल बच्चे की देखभाल करनी चाहिए और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आगे काफी समय मिलेगा. हालांकि, सोनिया लिखती हैं कि जल्द ही यह स्पष्ट हो गया कि मेनका की निगाहें कहीं और थीं.
वरुण गांधी के पहले जन्मदिन से जुड़ा विवाद
संजय गांधी की मौत के एक साल से भी कम समय में मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे. सोनिया ने किताब में वरुण गांधी के पहले जन्मदिन से जुड़ा एक घटनाक्रम दर्ज किया है. उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन परिवार के बीच छोटीसी पार्टी करके मनाने का सुझाव दिया था, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जन्मदिन वसुंधरा राजे के घर पर मनाया गया.
वसुंधरा राजे ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी हैं. उस समय वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समर्थक और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी थीं. बाद में वह राजस्थान की मुख्यमंत्री बनीं. सोनिया के मुताबिक, यह आयोजन स्पष्ट रूप से इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था. उन्होंने यह भी लिखा कि बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका ‘सूर्या’ को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में मदद की.
सोनिया ने इस कदम को इंदिरा गांधी के साथसाथ संजय गांधी की स्मृति और उनके पिता सहित उन लोगों का अपमान बताया, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई के दिनों से ही आरएसएस की सांप्रदायिक विचारधारा का विरोध किया था. उन्होंने लिखा, ‘इस कदम के साथ मेनका ने सारी हदें पार कर दी थीं. मेरी सास ने इसे खुली चुनौती के रूप में लिया.’
इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने रखी घर छोड़ने की शर्त
सोनिया के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी आधिकारिक दौरे पर लंदन में थीं, तब उन्हें खबर मिली कि मेनका अपना सामान घर से बाहर भिजवा रही हैं. लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति बेवफाई के लिए फटकार लगाई. सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने साफ कर दिया था कि उन्हें फैसला करना होगा कि वह अपनी राजनीतिक गतिविधियां बंद करेंगी या फिर घर छोड़कर अलग रहेंगी.
इसके बाद मेनका ने आरोपों से भरा एक पत्र भेजा. सोनिया के मुताबिक, पत्र का मकसद स्पष्ट रूप से इंदिरा गांधी की छवि खराब करना था. उन्हें लगा कि मेनका ऐसा विवाद खड़ा करना चाहती थीं, जिससे घर छोड़ने की जिम्मेदारी सार्वजनिक तौर पर इंदिरा गांधी पर डाली जा सके. सोनिया ने यह भी दावा किया कि मेनका कई सप्ताह पहले ही एक पत्रकार मित्र को अपनी योजना के बारे में बता चुकी थीं. उनके मुताबिक, मेनका ने घर छोड़ने की घटना के लिए इंदिरा गांधी के साथसाथ राजीव और सोनिया को भी जिम्मेदार ठहराया था.
सोनिया ने इस पूरे घटनाक्रम को याद करते हुए लिखा, ‘जिस तरह पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया और उसके बाद जिस तरह प्रचार का तमाशा खड़ा किया गया, उसने उस शर्मनाक घटना को ऐसा रूप दे दिया, जिसे आज के दौर में ‘रियलिटी शो’ कहा जाता.’
वरुण गांधी से मिलने को लेकर कानूनी लड़ाई
मेनका के घर छोड़ने के बाद भी गांधी परिवार और उनके बीच विवाद खत्म नहीं हुआ. सोनिया के मुताबिक, आने वाले वर्षों में परिवार और मेनका के बीच फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई चली. आखिर में मेनका ने परिवार के सदस्यों को बच्चे से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया. सोनिया ने लिखा कि जब कानूनी कार्यवाही लंबी खिंच रही थी, उसी दौरान वरुण का चौथा जन्मदिन आ गया. उस वक्त इंदिरा गांधी पंजाब में आसन्न संकट को लेकर व्यस्त थीं. उन्होंने सोनिया से कहा कि वह वरुण के नर्सरी स्कूल में कुछ उपहार पहुंचा दें.
सोनिया के मुताबिक, अगले दिन अखबारों में खबरें छपीं, जिनमें मेनका ने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी ने उन्हें बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा था. उन्होंने लिखा कि मेनका के वकील को इंदिरा गांधी का आखिरी जवाब 19 अप्रैल 1984 को भेजा गया था. इसके दो महीने से भी कम समय बाद ऑपरेशन ब्लू स्टार हुआ.
मेनका ने 1984 में लड़ा चुनाव, बाद में बीजेपी में हुईं शामिल
सोनिया गांधी के संस्मरण में मेनका और गांधी परिवार के बीच रिश्तों के इस पूरे घटनाक्रम के बाद उनके राजनीतिक सफर का भी जिक्र है. मेनका गांधी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें राजीव गांधी के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद 1988 में वह वीपी सिंह के जनता दल में शामिल हुईं. 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.



