UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को पूर्वांचल और दक्षिणी यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली।

सबसे ज्यादा 141.6 मिमी बारिश गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी बारिश हुई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार रविवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 10 जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 23 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 45 जिलों में गरजचमक के साथ वज्रपात होने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 19 से 21 जुलाई के बीच मानसून पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में अति भारी बारिश की संभावना है।

ये भी पढ़ें:

इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। लोगों के लिए सलाह: मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। 

ये भी पढ़ें: