पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों के विवाद ने भयानक रूप ले लिया. मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बिल्डर और जमीन कारोबारी ललन शर्मा ने अपने ही 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. सिर, पैर, जांघ और पेट में छह गोलियां लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.

इस खूनी संघर्ष के पीछे मुख्य वजह अवैध संबंध और चार साल से चला आ रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है. आरोपी ललन शर्मा की पत्नी शोभा देवी ने सनसनीखेज आरोप लगाया है कि उनके पति का अपने ही भतीजे की पत्नी के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था, जिसको लेकर घर में अक्सर क्लेश और झगड़े होते थे. उनका दावा है कि इसी रंजिश के चलते उनके पति ने दीपक को छह गोलियां मारीं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है और मामले में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.

मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने इस हत्याकांड में पूरे परिवार के शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि जब वह घर पर नहीं थे, तब ललन शर्मा और उसके दामाद रवि ने मिलकर उनके बेटे को छह गोलियां मारीं. पिता के अनुसार, मृतक दीपक ने अपने चाचा को इस कथित अवैध संबंध के बारे में कई बार समझाया था और कहा था कि समाज में लोग क्या कहेंगे. दीपक ने विरोध स्वरूप अपनी पत्नी के मायके में अलग घर तक बनवा लिया था, जिससे रंजिश और ज्यादा गहरी हो गई थी.

अवैध संबंधों के अलावा इस खूनी रंजिश के पीछे जमीन का विवाद भी एक बड़ा कारण सामने आया है. मृतक दीपक की मां का आरोप है कि आरोपी ललन शर्मा ने धोखे से उनके बेटे और बहू से सड़क किनारे की एक कीमती जमीन अपने नाम लिखवा ली थी. जब दीपक और उसके परिजनों ने इस कथित धोखाधड़ी का विरोध किया, तो आरोपी उनके साथ लगातार गालीगलौज और मारपीट करता था. मंगलवार सुबह भी जमीन के इसी मुद्दे और पारिवारिक रंजिश को लेकर तीखी बहस हुई थी, जो अंततः इस खूनी वारदात में बदल गई.

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से छह खाली खोखे बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले इन साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस ने मृतक के पिता का बयान दर्ज कर लिया है और फरार मुख्य आरोपी ललन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. साक्ष्य जुटाकर हत्या की वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है.