Navi Mumbai Gold Robbery: नवी मुंबई के जुईनगर एमआईडीसी परिसर में गुरुवार रात सोने की ढुलाई करने वाली वैन पर हमला कर करीब 20 करोड़ रुपये का सोना लूटने का मामला सामने आया है. चार बदमाशों ने वैन के शीशे तोड़कर उसमें सवार कर्मचारियों के साथ मारपीट की और 16 किलो 400 ग्राम सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. लूटे गए सोने में आभूषण और सोने की छड़ें शामिल हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है.

आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए अपराध शाखा और तुर्भे पुलिस की कुल चार टीमें रवाना की गई हैं. पुलिस उपायुक्त विजय खरात ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9:45 बजे चार कर्मचारी एक वाहन से सोने के आभूषण लेकर जा रहे थे. इसी दौरान जुईनगर एमआईडीसी परिसर के सर्विस रोड पर वैगनआर कार से आए चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद बदमाशों ने लकड़ी के डंडे और लोहे की सरिया से वाहन के शीशे तोड़ दिए.
बदमाश सोने से भरा बैग लेकर फरार
कर्मचारियों के साथ मारपीट कर बदमाश सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. लूटे गए सोने की मौजूदा बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 और 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कार को जब्त कर लिया है. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं.
सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल
पुलिस उपायुक्त विजय खरात ने जल्द ही मामले में सफलता मिलने की उम्मीद जताई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, इतनी बड़ी लूट की वारदात से नवी मुंबई के सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है. आरोपियों को पकड़ने के लिए अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस थानों की टीम को तैनात किया गया है.पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.



