Featured Image

हाजीपुर : बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर से एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहां एक महिला के घर में चोरी तो हुई, लेकिन चोर कोई बाहरी शख्स नहीं बल्कि उसका अपना ही सगा पति निकला। पति ने किसी शातिर चोर की तरह मौका पाकर घर के बक्से से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और चंपत हो गया। जब पत्नी छत से नीचे लौटी, तो कमरे का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित पत्नी ने अब अपने ‘चोर पति’ के खिलाफ थाने में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।

बीवी छत पर टहल रही थी, नीचे पति रच रहा था बड़ी साजिश
यह सनसनीखेज मामला हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के मीठा कुंआ (वार्ड संख्या 15) का है। पीड़ित महिला रजनी कुमारी ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि यह घटना बीते 25 मई की शाम करीब 7 बजे की है। रोज की तरह रजनी शाम को टहलने के लिए अपने घर की छत पर गई हुई थीं। वह इस बात से बिल्कुल बेखबर थीं कि नीचे कमरे में उनका पति रोशन कुमार एक बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में है। जैसे ही रोशन को लगा कि पत्नी छत पर व्यस्त है, उसने तुरंत कमरे में रखे मुख्य बक्से को खोल लिया और उसमें रखे जीवनभर की जमापूंजी के गहने समेटकर चुपके से घर से रफूचक्कर हो गया।

बक्सा खाली देख उड़े होश, गायब गहनों की लिस्ट लंबी
रजनी कुमारी जब छत से नीचे अपने कमरे में आईं, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गईं। कमरे में मुख्य बक्सा खुला हुआ था और उसके अंदर रखे सारे कीमती डिब्बे गायब थे। रजनी के अनुसार, बक्से में उनके जीवनभर की कमाई और शादी-ब्याह के भारी जेवर रखे थे, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गायब हुए मुख्य आभूषणों की सूची काफी लंबी है:

सोने के आभूषण: करीब पांच भर (तोला) का भारी सोने का हार, तीन भर का सोने का चेन और मंगलसूत्र, छह भर की सोने की अलग-अलग डिजाइन की अंगूठियां, दो कीमती बाले, कान की बालियां और झुमके।

चांदी के आभूषण: चांदी के भारी पारंपरिक पायल, पान के पत्ते का विशेष आभूषण और चांदी की कसेली।

महिला ने पुलिस को बताया कि सदमे के कारण उसे कई छोटे-बड़े आभूषणों की पूरी लिस्ट फिलहाल याद भी नहीं आ रही है, जो बक्से में मौजूद थे।

थक-हारकर थाने पहुंची पीड़ित पत्नी, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद रजनी ने अपने स्तर पर पति रोशन कुमार की काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों से लेकर उसके दोस्तों तक से संपर्क किया गया, लेकिन रोशन का कहीं कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा। आखिरकार, कोई रास्ता न बचता देख रजनी कुमारी ने नगर थाना पहुंचकर कानून का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने जेवरों की सुरक्षित बरामदगी और न्याय की गुहार लगाई है।

इस अनोखे मामले पर नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला से प्राप्त आवेदन के आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला ने अपने ही पति रोशन कुमार पर 40 लाख रुपये के आभूषण चोरी करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं, जैसे घरेलू विवाद या जुए-कर्ज के एंगल की भी बारीकी से जांच कर रही है। आरोपी पति की धरपकड़ और जेवरों की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही हैं।