Bisleri Water Quality: पैकेज्ड पानी बनाने वाली कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने इस मामले में कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी है।

दो लैब में हुई बैक्टीरिया की पुष्टि
FSSAI के मुताबिक, जलपाईगुड़ी से लिए गए पानी के सैंपल की प्राथमिक और रेफरल दोनों लैब में जांच की गई। दोनों जगह कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई। यह बैक्टीरिया सीवेज के पानी या गंदे पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है।
एक बैच की बिक्री पर लगी रोक
FSSAI ने बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 का सैंपल जांच के लिए लिया था। यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिया गया था। इस बैच का निर्माण 20 जुलाई 2026 को हुआ था और इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 थी। दोनों लैब में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई। यह कार्रवाई केवल बैच नंबर PB 201 पर की गई है।
देशभर में पानी के सैंपल की जांच
FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
पहले भी मिले थे कैंसर से जुड़े केमिकल
इससे पहले गोवा में बिसलेरी के पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन मिले थे। ये कैंसर से जुड़े केमिकल हैं। उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।
कंपनी ने जांच में सहयोग की बात कही
बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। कंपनी का कहना है कि पानी तैयार करने के दौरान 10 चरणों में 90 से ज्यादा बार गुणवत्ता की जांच की जाती है। कंपनी ने कहा कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी और पानी की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।



