Tamil Nadu TVK MLA Arrested: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय की पार्टी टीवीके के विधायक अरुल विग्नेश को शुक्रवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर एक महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने और गलत व्यवहार करने का आरोप है। महिला अधिकारी ने 23 नवंबर को विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मामला सामने आने के बाद विपक्ष लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा था।

महिला कलेक्टर ने 23 नवंबर को दर्ज कराई FIR

महिला अधिकारी ने 23 नवंबर को विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विधायक ने उन्हें आपत्तिजनक मैसेज भेजे और कई मौकों पर गलत व्यवहार किया। इसके बाद कल्लाकुरिची के ऑलवुमेन पुलिस स्टेशन में विधायक के खिलाफ FIR दर्ज की गई। हालांकि, अरुल विग्नेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपनी और पार्टी की छवि खराब करने की राजनीतिक कोशिश बताया था।

पूर्व सीएम स्टालिन ने लगाए गंभीर आरोप

विधायक की गिरफ्तारी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने टीवीके पर उन्हें बचाने और मामला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। स्टालिन के मुताबिक, मंत्रियों से लेकर सहयोगी दलों के नेताओं तक ने शिकायत को खारिज किया और विधायक को क्लीन चिट देने की कोशिश की।

पीड़ित महिला अधिकारी को परेशान करने का आरोप

स्टालिन ने आरोप लगाया कि महिला अधिकारी को मानसिक रूप से परेशान करने के लिए सोशल मीडिया पर अपमानजनक अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि तमाम दबावों के बावजूद महिला अधिकारी ने हिम्मत दिखाते हुए शिकायत दर्ज कराई। स्टालिन के अनुसार, हाईकोर्ट और महिला आयोग जैसी संस्थाओं के दबाव के बाद विधायक की गिरफ्तारी हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी जांच की निगरानी 

हाईकोर्ट ने 24 नवंबर को सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की निगरानी में कराने का निर्देश दिया। तिरुपुर की एसपी सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया, जबकि IG रैंक की अधिकारी एन कामिनी को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।

विधायक को पूछताछ के लिए भेजा था समन

पुलिस ने 25 नवंबर को अरुल विग्नेश को पूछताछ के लिए समन भेजा था। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता महिला अधिकारी और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।