हरियाणा के रोहतक के मिलन ढाबे पर बुधवार देर रात चार युवकों की हत्या ने हरियाणा में गैंगवार की पुरानी कहानी को फिर सुर्खियों में ला दिया है. इस हत्याकांड के तार हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही दुश्मनी से जुड़ते नजर आ रहे हैं. भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. गैंग ने इसे रोहित उर्फ बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला बताया है.

इस गैंगवार की कहानी 7 साल पुरानी है. कभी एकदूसरे के करीबी रहे हिमांशु भाऊ और अंकित उर्फ बाबा के बीच रिश्ते इतने बिगड़े कि दोनों ही जान के दुश्मन बन गए. इस दुश्मनी में अंकित का भाई सन्नी रिटोलिया भी शामिल हो गया. साल 2019 में शुरू हुआ विवाद अब सात साल बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस दौरान दोनों गुटों से जुड़े कई लोगों की जान जा चुकी है. आइए समझते हैं कि रिटौली गांव की दोस्ती आखिर खूनी गैंगवार में कैसे बदल गई.
एक ही गांव में पलेबढ़े, फिर आमनेसामने आ गए दोस्त
हिमांशु भाऊ, अंकित उर्फ बाबा और उसका भाई सन्नी रिटोलिया रोहतक के रिटौली गांव के रहने वाले हैं. एक समय इनकी आपस में अच्छी दोस्ती थी. गांव के ही हंसराज उर्फ हंसे का शराब का ठेका था. इसी दौरान गांव के कुछ युवकों के बीच अवैध शराब के कारोबार को लेकर विवाद शुरू हुआ. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस विवाद में हिमांशु भाऊ, अजय और रोहित समेत कुछ युवकों के नाम सामने आए थे.
5 अप्रैल 2019 को सुनील नाम के युवक ने अजय, रोहित, हिमांशु भाऊ, विक्की और अन्य के खिलाफ गाड़ी के शीशे तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी. यह हिमांशु भाऊ के खिलाफ शुरुआती आपराधिक मामलों में से एक था. इसके बाद 9 अगस्त 2019 को रोहतक सब्जी मंडी के प्रधान से रंगदारी मांगने के मामले में भाऊ और साहिल रिटोलिया को गिरफ्तार किया गया था.
कार की किस्तों ने दोस्ती में घोला जहर
दोस्ती टूटने की बड़ी वजह कार की किस्तों का विवाद बना. पुलिस दस्तावेजों के मुताबिक, रिटौली के नरेंद्र उर्फ भोलू ने सन्नी के पिता के नाम पर एक कार फाइनेंस करवाई थी. कार का इस्तेमाल हिमांशु भाऊ और उसके साथियों की तरफ से किया जा रहा था, जबकि लोन के कागजात सन्नी के परिवार से जुड़े थे.
कुछ समय बाद कार की किस्तें जमा नहीं हुईं तो बैंक की तरफ से सन्नी के परिवार पर दबाव बढ़ने लगा. बैंक कर्मचारी किस्तों की वसूली के लिए घर पहुंचने लगे. इससे परेशान होकर सन्नी और उसके परिवार ने कार वापस मांगी, लेकिन विवाद सुलझने के बजाय और बढ़ गया.
बताया जाता है कि कार वापस करने और किस्त भरने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी हुई. यही विवाद आगे चलकर व्यक्तिगत दुश्मनी और फिर गैंगवार में बदल गया.
17 साल की उम्र में भाऊ ने सन्नी पर चलाई थी गोली
कार विवाद के बाद दोनों गुटों के बीच टकराव बढ़ने लगा. 5 जुलाई 2020 को हिमांशु भाऊ और उसके साथियों ने सन्नी रिटोलिया पर हमला किया. इस दौरान सन्नी को गोली लगी, लेकिन वह बच गया. उस वक्त हिमांशु भाऊ नाबालिग था. पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार किया था. 15 जुलाई को हिमांशु भाऊ और अजय उर्फ गोली को पकड़ा गया था.
इसके बाद भाऊ को हिसार के बाल सुधार गृह भेज दिया गया. लेकिन 12 अक्टूबर 2020 को वह अपने बचपन के दोस्त साहिल रिटोलिया और अन्य साथियों के साथ बाल सुधार गृह से फरार हो गया. यहीं से इस गैंगवार का दायरा गांव से निकलकर दूसरे इलाकों और राज्यों तक फैलने लगा.
2022 से शुरू हुआ हत्याओं का सिलसिला
दोनों गुटों के बीच दुश्मनी का सबसे खूनी दौर मार्च 2022 में शुरू हुआ. इस दौरान अंकित उर्फ बाबा और सन्नी के गुट पर हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग और राजेंद्र उर्फ माडू की हत्या का आरोप लगा. दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
इसका बदला लेने के लिए भाऊ गैंग की तरफ से जवाबी कार्रवाई किए जाने का दावा किया गया. कुछ ही समय बाद हंसराज उर्फ हंसे की हत्या कर दी गई. इसके बाद भी दोनों गुटों के बीच टकराव जारी रहा. जून 2025 में अंकित बाबा के चाचा अनिल की भी हत्या कर दी गई.
विदेश से गैंग चला रहा भाऊ
हिमांशु भाऊ पर हरियाणा और दिल्ली समेत कई जगहों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित रहा है. बाल सुधार गृह से फरार होने के बाद वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश पहुंच गया था. बताया जाता है कि वह पहले पुर्तगाल और फिर अमेरिका गया.
अक्टूबर 2026 में उसके अमेरिका के लास वेगास में पकड़े जाने की खबरें सामने आई थीं. फिलहाल उसके अमेरिकी डिटेंशन सेंटर में बंद होने की जानकारी सामने आई है. दूसरी तरफ, अंकित उर्फ बाबा जेल में बंद है और उसका भाई सन्नी रिटोलिया गैंग की गतिविधियां संभाल रहा है. भाऊ गैंग के दूसरे सदस्य भी सक्रिय बताए जा रहे हैं.
सन्नी को निशाना बनाने की कोशिश
इस पुरानी दुश्मनी के बीच सन्नी रिटोलिया पर हमले की कोशिशें भी होती रही हैं. 19 दिसंबर 2025 को रिटौली गांव में शराब के ठेके पर सन्नी पर हमला किया गया था. वह इस हमले में बच गया था, जबकि क्रॉस फायरिंग में भाऊ गैंग का एक गुर्गा मारा गया था.
अब बुधवार देर रात रोहतक के खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर हुई वारदात को भी इसी गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. रात करीब 12:30 बजे स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच बदमाश ढाबे पर पहुंचे. उस समय कुछ युवक खाना खा रहे थे. हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
गोलीबारी में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक जान बचाने के लिए भागा तो हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोलियों से भून दिया. मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव के रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मरने वालों में सन्नी रिटोलिया गैंग से जुड़े तीन युवक भी शामिल थे. भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस वारदात को रोहित उर्फ बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला बताया है.



