मध्य प्रदेश में बालाघाट में पत्नी से विवाद हुआ तो गुस्सा अपनी ही मां पर उतार दिया. पहले गमछे से मां का गला घोंटा, फिर लकड़ी की मोटी बल्ली से कसकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए मां के शव को घर के पीछे स्थित सूखे कुएं में फेंक दिया. मांबेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाले करीब पांच साल पुराने इस सनसनीखेज हत्याकांड में बैहर स्थित अपर सत्र न्यायाधीश कमलेश साहू की अदालत ने आरोपी बेटे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.

आरोपी सुखदेव पिता कुंजीलाल वरकड़े , निवासी ग्राम कटंगा, थाना परसवाड़ा को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 5 हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 201 के तहत 5 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया है.
कुएं में मिला था मां का शव
अभियोजन के अनुसार, 1 दिसंबर 2021 को परसवाड़ा थाना प्रभारी राजीव उइके को ओमकार कंगाले ने सूचना दी कि ग्राम कटंगा में उसकी बहन धनवंता बाई की हत्या कर दी गई है. सुबह करीब 7 बजे ओमकार खलिहान में काम कर रहा था, तभी गांव के हरि पुर्राम ने उसे बताया कि सुखदेव ने उसकी बहन को मार दिया है.
सूचना पर वह बहन के घर पहुंचा तो पीछे स्थित सूखे कुएं में धनवंता बाई का शव पड़ा मिला. उसकी गर्दन के पीछे करीब चार फीट लंबी मोटी लकड़ी फंसी हुई थी.
पत्नी के घर छोड़ने से बौखलाया था आरोपी
पूछताछ में सुखदेव ने बताया कि उसका पत्नी लता से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह बच्चों को लेकर पड़ोसी के घर चली गई थी. इसी बात पर मां धनवंता बाई ने उसे समझाया और विवाद किया. गुस्से में उसने मां के गले में गमछा डालकर लकड़ी की बल्ली से कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव कुएं में फेंक दिया.
पत्नी की गवाही बनी अहम कड़ी
आरोपी की पत्नी लता ने अदालत को बताया कि विवाद के दौरान पति उसे मारने के लिए दौड़ा था. वह बच्चों को लेकर पड़ोसी छन्नू काका के घर चली गई और रात वहीं रुकी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना के समय घर में केवल उसकी सास और पति मौजूद थे. अभियोजन ने इन्हीं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का अपराध साबित किया.
रिश्ते को कलंकित करने वाला कृत्य
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि घर वह स्थान है, जहां व्यक्ति स्वयं को सबसे सुरक्षित महसूस करता है, लेकिन आरोपी ने अपनी ही मां के विश्वास और मांबेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित किया. अपराध की गंभीरता और परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने आरोपी को मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास की सजा सुनाई. शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक अशोक कुमार बाट ने पैरवी की.



