मध्य प्रदेश के इंदौर में टीवी की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद एक शख्स की मौत तक पहुंच गया. आरोप है कि पड़ोसी के घर तेज आवाज में टीवी चलने पर आपत्ति जताने से विवाद शुरू हुआ और बात हाथापाई तक पहुंच गई. इस दौरान पड़ोसी ने संदीप वर्मा के साथ मारपीट की. घटना के बाद संदीप की मौत हो गई. वह पहले से ही पैरालिसिस की बीमारी से पीड़ित थे. परिजनों ने पड़ोसी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि संदीप की मौत मारपीट के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.

यह मामला इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र का है. मृतक की पहचान संदीप वर्मा के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय संदीप के घर में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले अनिल वर्मा के घर पर टीवी काफी तेज आवाज में चल रही थी. टीवी की आवाज से बच्चों की पढ़ाई में परेशानी हो रही थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस पर संदीप ने पड़ोसी से आवाज कम करने के लिए कहा.

टीवी की आवाज कम कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि टीवी की तेज आवाज को लेकर संदीप वर्मा और उनके पड़ोसी अनिल वर्मा के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अनिल वर्मा ने संदीप के साथ हाथापाई और मारपीट की. घटना के बाद संदीप की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई.

संदीप पहले से पैरालिसिस की बीमारी से पीड़ित थे. ऐसे में उनकी मौत के बाद परिवार ने पड़ोसी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि टीवी की आवाज कम कराने को लेकर हुए विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई थी. इसके बाद उन्होंने सेंट्रल कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इसके लिए घटना के समय मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. साथ ही दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की परिस्थितियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही संदीप की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मारपीट और मौत के बीच सीधा संबंध था या नहीं.

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस इस मामले में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है.