शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र का सियासी समीकरण बदल दिया। रामपुर से लगातार चार बार कांग्रेस विधायक रहे नंद लाल के निधन के साथ ही रामपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है। अब आगामी फरवरी-मार्च तक इस सीट के लिए चुनावी बिगुल बज सकता है।

रामपुर में कब होंगे उपचुनाव?
हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने रामपुर विधानसभा सीट खाली होने की सूचना भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी है। आयोग ही उपचुनाव करवाने की तारीख का अंतिम फैसला तय करेगा। फिलहाल, माना जा रहा है कि रामपुर उपचुनाव का शेड्यूल पंजाब के आम विधानसभा चुनावों के साथ करवाया जा सकता है।
5 राज्यों में विस चुनाव
आपको बता दें कि अगले साल पांच राज्यों पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव फरवरी-मार्च में होने की संभावना है।
कब तक करवाना होगा उपचुनाव?
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 151A के तहत विधानसभा की रिक्त सीट पर सामान्य तौर पर छह महीने के भीतर उपचुनाव करवाने का प्रावधान है। यह नियम तब लागू होता है, जब विधानसभा के शेष कार्यकाल में कम से कम एक वर्ष का समय बचा हो। हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर 2027 तक है। ऐसे में अभी विधानसभा चुनावों को एक साल और डेढ़ महीने के करीब का समय है। ऐसे में चुनाव आयोग यह फैसला लेगा, कि रामपुर में उपचुनाव होंगे या नहीं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जल्द ही चुनाव आयोग को रिक्त सीट के संबंध में जानकारी भेजेंगे। अंतिम निर्णय चुनाव आयोग की ओर से लिया जाएगा।
आज तक कभी नहीं जीती BJP
विदित रहे कि , 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले रामपुर में होने वाला यह उपचुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई साबित हो सकता है। खासकर भाजपा के लिए यह किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। दरअसल, रामपुर विधानसभा सीट पर आज तक भाजपा अपना खाता नहीं खोल पाई है। वहीं, लगातार चार चुनाव जीतने वाले नंद लाल के बाद कांग्रेस के सामने अपने इस परंपरागत राजनीतिक गढ़ को बचाए रखने की चुनौती होगी।
कांग्रेस के सामने नंद लाल का विकल्प तलाशने की चुनौती
लगातार चार बार विधायक रहे नंद लाल का रामपुर में अपना राजनीतिक आधार था। क्षेत्र में उनकी पहचान एक अनुभवी जनप्रतिनिधि के रूप में रही। उनके निधन के बाद कांग्रेस को अब ऐसे चेहरे की तलाश करनी होगी, जो पार्टी के परंपरागत वोट बैंक को एकजुट रख सके और नंद लाल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा सके। सीट पर टिकट के दावेदार बहुत हैं। डीडी कश्यप और बृज लाल का नाम चर्चा में है। पार्टी के लिए चुनौती केवल उम्मीदवार तय करने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि रामपुर में अपने संगठन और जनाधार को बनाए रखने की भी होगी। दूसरी तरफ भाजपा के पास इस बार रामपुर में राजनीतिक बदलाव का संदेश देने का अवसर रहेगा।
सरकार के बहुमत पर नहीं पड़ेगा उपचुनाव का असर
रामपुर उपचुनाव के नतीजे का प्रदेश की मौजूदा सरकार के बहुमत पर सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है। नंद लाल के निधन के बाद भी विधानसभा में कांग्रेस के पास 39 विधायक और भाजपा के पास 28 विधायक बताए जा रहे हैं। ऐसे में इस एक सीट का परिणाम सरकार के अस्तित्व के लिए निर्णायक नहीं होगा। इसके बावजूद राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव बेहद अहम रहेगा, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के रुख का एक संकेत मिल सकता है। दोनों प्रमुख दल इस चुनाव को अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के अवसर के रूप में देखेंगे।
2027 से पहले सत्ता का सेमीफाइनल बनेगा रामपुर उपचुनाव
हिमाचल प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव दिसंबर 2027 में होना प्रस्तावित है। उससे पहले रामपुर में होने वाला उपचुनाव प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखेगा। कांग्रेस के लिए यह अपने परंपरागत गढ़ को बचाने की चुनौती होगी, जबकि भाजपा के सामने पहली बार रामपुर में जीत दर्ज कर इतिहास बदलने का अवसर रहेगा। वर्ष 2022 में महज 567 वोटों से मिली हार के बाद भाजपा इस बार पूरी ताकत लगा सकती है। ऐसे में रामपुर का चुनाव केवल एक विधायक चुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के जनाधार, संगठनात्मक ताकत और चुनावी रणनीति की भी परीक्षा लेगा। इसी वजह से रामपुर की इस सीट पर होने वाले उपचुनाव को प्रदेश की राजनीति का सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
14वीं विधानसभा के कार्यकाल में होगा 10वां उपचुनाव
हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के कार्यकाल में रामपुर उपचुनाव हुआ तो यह दसवां उपचुनाव होगा। इससे पहले वर्ष 2024 में राज्यसभा चुनाव के बाद पैदा हुए राजनीतिक संकट के चलते प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव करवाए गए थे। कांग्रेस के छह विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की थी। बाद में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके अतिरिक्त तीन निर्दलीय विधायकों ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद धर्मशाला, सुजानपुर, लाहौल-स्पीति, बड़सर, गगरेट, कुटलैहड़, नालागढ़, हमीरपुर और देहरा में उपचुनाव हुए थे। इन नौ सीटों में कांग्रेस ने छह और भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि रामपुर में उपचुनाव की वजह राजनीतिक बगावत नहीं, बल्कि मौजूदा विधायक का निधन है।
कब हुआ था नंद लाल का निधन?
देश के प्रधानमंत्री और गांधी परिवार की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले एक जांबाज सुरक्षा अधिकारी से हिमाचल की राजनीति के मजबूत चेहरे तक का सफर तय करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं रामपुर के चार बार के विधायक नंद लाल का बीती 3 नवंबर को निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे शिमला के अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना में अंतिम सांस ली।
हिमाचल की राजनीति का मजबूत चेहरा
आपको बता दें कि नंद लाल की पहचान केवल एक विधायक के रूप में नहीं थी, बल्कि वह उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसियों में सेवाएं देने के बाद राजनीति में कदम रखा और लगातार चार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक ताकत साबित की।
PM की सुरक्षा का संभाला था जिम्मा
नंद लाल का राजनीतिक जीवन शुरू होने से पहले सुरक्षा बलों में लंबा और महत्वपूर्ण करियर रहा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में सेवाएं देने के बाद वर्ष 1985 में उनका चयन विशेष सुरक्षा समूह (SPG) में हुआ। उन्होंने वर्ष 1985 से 1997 तक करीब 12 वर्षों तक SPG में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से लेकर सोनिया गांधी की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला।
दिल्ली हाईकमान से मिला था टिकट
करीब 22 वर्षों तक ITBP में सेवाएं देने के बाद नंद लाल ने वर्ष 2007 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में कदम रखा। गांधी परिवार की सुरक्षा से जुड़े उनके अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान के चलते कांग्रेस में उनकी एंट्री भी खास रही। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से उनके चुनाव लड़ने का रास्ता दिल्ली हाईकमान के स्तर पर साफ हुआ और उन्हें कांग्रेस का टिकट मिला। इसके बाद उन्होंने चुनावी मैदान में उतरकर अपनी पहली ही पारी में जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बृज लाल को 6,470 मतों से हराकर विधानसभा तक का सफर तय किया।
पहली जीत के बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा
वर्ष 2007 में पहली बार विधायक बनने के बाद नंद लाल ने रामपुर की राजनीति में लगातार अपनी पकड़ मजबूत की। वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जीत दर्ज की। इस तरह वह लगातार चार बार रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक चुने गए। वर्ष 2022 के चुनाव में भी उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी को 567 मतों के करीबी अंतर से पराजित किया था। सुरक्षा बलों में अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करने का अनुभव उनकी राजनीतिक यात्रा में भी दिखाई दिया और उन्होंने क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
क्या राजा वीरभद्र के करीबी थे नंदलाल?
नंद लाल को हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का करीबी माना जाता था। वीरभद्र सिंह सरकार के कार्यकाल में उन्हें मुख्य संसदीय सचिव (CPS) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा वह विधानसभा की विभिन्न समितियों से भी जुड़े रहे। वर्ष 2022 में चौथी बार विधायक बनने के बाद उन्हें विधानसभा की कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया। मार्च 2024 में प्रदेश सरकार ने उन्हें सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके अतिरिक्त उन्हें लाडा कमेटी की अध्यक्षता की जिम्मेदारी भी मिली थी।
CPS कब बने नंदलाल?
विधानसभा पहुंचने के बाद वीरभद्र सिंह की सरकार में नंदलाल को वर्ष 2013 से 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने विधानसभा कि अलग-अलग समितियों में भी काम किया। इसके बाद सुक्खू सरकार में मार्च 2024 में उन्हें प्रदेश सरकार ने सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
सुक्खू सरकार ने क्यों बनाया था वित आयोग का अध्यक्ष?
बताया जाता है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जब कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा ज्वाइन की थी, तब सुक्खू सरकार को डर था कि कहीं नंदलाल भी कांग्रेस छोड़ कर भाजपा ज्वाइन ना कर लें, क्योंकि भाजपा में जाने वाले सभी कांग्रेस विधायक वीरभद्र गुट के थे और नंदलाल भी वीरभद्र परिवार के करीबी माने जाते थे। ऐसे में नंदलाल को अपने पाले में डालने के लिए सुक्खू सरकार ने उन्हें वित आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
कितने पढ़े-लिखे थे नंदलाल?
नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को शिमला जिले के रामपुर बुशहर के देवठी गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम प्यारे लाल था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका चयन ITBP में हुआ और प्रशिक्षण के बाद वह कमांडो दस्ते का हिस्सा बने। अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी जिम्मेदारियां निभाईं। बाद में DIG स्तर के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर उन्होंने सार्वजनिक जीवन में नई पारी शुरू की।



