मंडी। एक बेटी को खोने का दर्द माता-पिता के लिए शायद कभी खत्म नहीं होता। उनकी आंखें आज भी उस इंसाफ का इंतजार कर रही हैं, जिसकी उम्मीद लेकर वे अदालत की हर तारीख पर पहुंचते हैं। मंडी के चर्चित सिया हत्याकांड में आरोपी को दोषी करार दिए जाने के बाद भी परिवार को राहत नहीं मिल पाई है। हर बार उम्मीद रहती है कि अब बेटी को इंसाफ मिलेगा, लेकिन सुनवाई टलने से इंतजार और लंबा होता जा रहा है। सजा के ऐलान का इंतजार कर रहे परिवार को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है।

दोषी करार होने के बाद भी सजा का इंतजार
सिया हत्याकांड में अदालत आरोपी विकास पटियाल को हत्या के मामले में दोषी करार दे चुकी है। इसके बाद अब अदालत को यह तय करना है कि दोषी को उम्रकैद की सजा दी जाएगी या मृत्युदंड। यह इस मामले की सबसे अहम प्रक्रिया है, जिसका इंतजार सिया के परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोग कर रहे हैं। हालांकि, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी रिपोर्ट अदालत में पेश नहीं हो पाने के कारण सजा पर फैसला नहीं हो सका। अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
इससे पहले भी सजा तय करने को लेकर सुनवाई टल चुकी है। अब एक बार फिर तारीख आगे बढ़ने से परिवार को फैसले के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। परिवार की उम्मीद है कि जल्द ही अदालत इस मामले में अंतिम फैसला सुनाएगी और उनकी बेटी को न्याय मिलेगा।
नेरचौक से एम्स बिलासपुर भेजा गया था दोषी
जानकारी के अनुसार, दोषी विकास पटियाल को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए पहले नेरचौक से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था। वहां उसकी जांच की जानी थी, जिसके बाद डॉक्टरों की ओर से तैयार रिपोर्ट अदालत में पेश की जानी है। लेकिन अभी तक यह रिपोर्ट न्यायालय में जमा नहीं हो पाई है।
रिपोर्ट के बिना अदालत सजा निर्धारण की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा पा रही है। इसी वजह से एक बार फिर सुनवाई टालनी पड़ी है। अब अदालत ने मामले की अगली तारीख 7 दिसंबर तय की है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में सिया के परिवार को एक बार फिर अदालत के अगले फैसले का इंतजार करना होगा।
कॉलेज जाते समय दराट से किया था हमला
यह मामला 13 अप्रैल 2026 का है। उस दिन सुबह करीब 9:44 बजे सिया कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बैंजी गोपालपुर के पास उस पर दराट से हमला कर दिया गया। हमले में सिया की जान चली गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल था। वहीं, बेटी को खोने के बाद से ही परिवार आरोपी को सजा दिलाने के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहा था।



