
उत्तर प्रदेश के बागपत से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां एक ओर लोग रंगों के त्योहार में खुशियां मना रहे थे, वहीं सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव में दोस्तों ने होली की दावत पर बुलाकर युवक की हत्या कर डाली. 17 वर्षीय अमृत की उसी के दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर डाली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमृत बिनौली थाना क्षेत्र के बड़ावद गांव का रहने वाला था. परिजनों ने बताया कि अमृत को उसके दोस्त समीर ने फोन कर होली की दावत के लिए अपने गांव तितरौदा बुलाया था. समीर के बुलावे पर अमृत अपने भाई सागर और दोस्तों कार्तिक व बॉबी के साथ तितरौदा गांव पहुंचा था.
बताया जा रहा है कि तितरौदा गांव में समीर और उसके साथी चिकन लेने के लिए एक चिकन शॉप पर गए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि समीर और उसके साथियों ने अमृत पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने अमृत की गर्दन, सीने और कमर पर चाकुओं से कई वार किए.
फरार आरोपियों की तलाश जारी
गंभीर रूप से घायल अमृत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
दुबई में नौकरी करती हैं मां-बहन
परिजनों के मुताबिक, अमृत की मां और बहन दुबई में नौकरी करती हैं. बेटे की हत्या की खबर मिलते ही दोनों के भारत लौटने की कोशिशें की जा रही हैं. अमृत की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.





