
आरा: बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दुल्हन ने ऐन मौके पर दूल्हे को ‘अंकल’ बताकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन की जिद और जान देने की धमकी के आगे परिजनों की एक न चली। आखिर में बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। इस मामले में खबर लिखे जाने ये मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है।
भोजपुर जिले के दलेलगंज गांव का मामला
मामला भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के दलेलगंज गांव का है। यहां कोसडिहरा निवासी सुधीर कुमार धूमधाम से बारात लेकर पहुंचे थे। 22 वर्षीय दुल्हन शोभा कुमारी के साथ जयमाला की रस्में शुरू होने वाली थीं। जैसे ही दूल्हा स्टेज पर पहुंचा, उसे देखते ही दुल्हन भड़क गई। दुल्हन ने अपने पिता से दो टूक कहा, ‘पापा, मैं यह शादी नहीं करूंगी। यह लड़का अंकल टाइप दिखता है, समाज और सहेलियों को मैं क्या जवाब दूंगी? अगर जबरदस्ती की गई तो मैं जान दे दूंगी।’ बेटी की इस चेतावनी के बाद शादी के घर में हड़कंप मच गया।
स्टेज पर इंतजार करता रहा दूल्हा, परिवार समेत फरार हुई दुल्हन
दुल्हन के अड़ियल रुख को देख माता-पिता और रिश्तेदारों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। बात इतनी बिगड़ गई कि दुल्हन अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ चुपचाप घर छोड़कर निकल गई।
उधर, दूल्हा सुधीर कुमार हाथ में जयमाला लिए स्टेज पर अपनी होने वाली जीवनसंगिनी का इंतजार करता रहा, लेकिन दुल्हन नहीं आई। शादी का पंडाल खाली हो गया, खाने के स्टॉल पर सन्नाटा पसर गया और कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। आधी रात के बाद दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बैरंग लौटना पड़ा।
लड़की ने पसंद किया था, तभी शादी हो रही थी: दूल्हा सुधीर कुमार
इस पूरे घटनाक्रम पर दूल्हा सुधीर कुमार काफी आहत नजर आया। सुधीर के मुताबिक, यह रिश्ता आपसी सहमति से तय हुआ था। उसने बताया, ’15 फरवरी 2026 को हमारी शादी तय हुई थी। लड़की ने मुझे दो-दो बार देखा था और पसंद भी किया था। हमारी फोन पर भी लगातार बात हो रही थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तब उसे कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन जयमाला के समय अचानक क्या हुआ, यह समझ से परे है।’






