हरिद्वार में वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन होने जा रहा है. उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार और कुंभ मेला प्रशासन मेले को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां कर रहे हैं. पहली बार हरिद्वार के अर्धकुंभ मेले को पूर्ण कुंभ की तरह भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ को दिव्य और भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया है. इसे पूरा करने के लिए कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और उनकी टीम दिनरात तैयारियों में जुटी हुई है.

इस बार कुंभ मेले की अवधि 1 जनवरी 2027 से 30 अप्रैल 2027 तक निर्धारित की गई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस दौरान 15 से 20 करोड़ से अधिक तीर्थयात्रियों के आने की संभावना जताई जा रही है. इसे देखते हुए मेला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. इस बार मेले की खासियत यह है कि प्रशासन ने 70 फीसदी से अधिक स्थायी कार्य कराने पर जोर दिया है. इसके तहत कई ऐसे स्थायी पुलों और घाटों का निर्माण किया जा रहा है, जिनका लाभ स्थानीय लोगों को भविष्य में भी मिलता रहेगा.
पहली बार महिला अधिकारी को कुंभ मेले की कमान
कुंभ मेले के इतिहास में पहली बार इसकी कमान किसी महिला अधिकारी को सौंपी गई है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनिका को कुंभ मेला अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले कुंभ के इतिहास में किसी महिला अधिकारी को यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी. सोनिका विनम्र स्वभाव की अधिकारी हैं. इससे पहले उन्होंने देहरादून में जिलाधिकारी के रूप में स्मार्ट सिटी परियोजना के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए थे.
महिला महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता का कहना है कि एक महिला को कुंभ मेला अधिकारी बनाकर राज्य सरकार ने कुंभ के पावन पर्व पर महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया है. यह कदम स्वागत योग्य है.
वहीं, कुंभ मेला अधिकारी सोनिका का कहना है कि वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें कुंभ जैसे महान पर्व के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
70 फीसदी से अधिक काम परमानेंट
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका का कहना है कि वह सभी कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर जोर दे रही हैं. उन्होंने बताया कि करीब 70 फीसदी कार्य स्थायी प्रकृति के किए जा रहे हैं, जिनका लाभ स्थानीय लोगों को लंबे समय तक मिलता रहेगा. किसी भी कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा. आईआईटी रुड़की सहित कई उच्चस्तरीय संस्थानों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है.
उन्होंने बताया कि अब तक करीब सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाटों का निर्माण और 56 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत का काम गंग नहर बंदी के दौरान पूरा किया जा चुका है. कुंभ से जुड़े शेष स्थायी प्रकृति के कार्य 30 नवंबर तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं.
सोनिका के मुताबिक, सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद जिन कार्यों को करना संभव नहीं था, उन्हें गंग नहर बंदी की अवधि में दिनरात काम कराकर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया गया. इसके साथ ही कुंभ मेला2027 के लिए घाटों के निर्माण से जुड़ी बड़ी तकनीकी और समयबद्धता की चुनौती को भी पार कर लिया गया है.
आगामी कुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार में करीब सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाट बनाए जा रहे हैं. इनका अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. उन्होंने बताया कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को हरिद्वार में करीब 16 किलोमीटर लंबाई के पक्के और सुव्यवस्थित घाटों पर स्नान की सुविधा मिलेगी.
कुंभ मेला अधिकारी ने बताया कि दिव्य और भव्य कुंभ2027 के आयोजन के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार हरिद्वार में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. यूआईआईडीबी की ओर से यूपीडीसीसी के माध्यम से हरकी पैड़ी के निकट शोल क्षेत्र में धनुष पुल और सीसीआर के बीच 82 मीटर लंबा एक अन्य घाट भी बनाया जा रहा है. पुराने घाटों के साथ नए घाटों के विस्तार से कुंभ के दौरान गंगा तट पर स्नान के लिए उपलब्ध स्थान बढ़ेगा.
कैसे सज रहा हरिद्वार?
कुंभ2027 के आयोजन को लेकर हरिद्वार को सजायासंवारा जा रहा है. धीरेधीरे तीर्थनगरी नया रूप ले रही है. राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने पुलों के दोनों ओर कुंभ से संबंधित चित्र उकेरे जा रहे हैं. वहीं, कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर से लेकर भूपतवाला तक सड़क किनारे बनी दुकानों और भवनों पर पीले रंग की पुताई की जा रही है. दुकानों के शटर लाल रंग से रंगे जा रहे हैं और उन पर भगवा रंग के बोर्ड लगाए जा रहे हैं. इससे शहर की सुंदरता में चार चांद लग रहे हैं.
कनखल के व्यवसायी अरुण कुमार खन्ना का कहना है कि शहर के मुख्य बाजारों के भवनों को एक ही रंग में रंगने से हरिद्वार की छटा अलग दिखाई दे रही है. उनके मुताबिक, पहली बार इस तरह का काम किया जा रहा है.
आधुनिक होगा मेला नियंत्रण भवन
वर्ष 2004 के अर्धकुंभ मेले में हरकी पैड़ी के पास मेला नियंत्रण भवन का निर्माण किया गया था. अब पुराने मेला नियंत्रण भवन का विस्तार करते हुए उसके बगल में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन बनाया जा रहा है. इसमें कुंभ मेले को तकनीकी रूप से बेहतर बनाने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि इस बार मेले में 148 स्थायी प्रकृति के कार्य किए जा रहे हैं, जिनकी लागत 789.81 करोड़ रुपये है. वहीं, अस्थायी प्रकृति के 19 कार्यों पर 116.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस बार कुंभ मेले में सबसे अधिक स्थायी प्रकृति के कार्य कराए जा रहे हैं.
भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. इसके तहत 40 से 50 स्थायी पार्किंग बनाई जा रही हैं. इसके अलावा अस्थायी टेंट सिटी भी तैयार की जाएगी, जिनमें 35 हजार से अधिक लोगों के ठहरने की क्षमता होगी.
पूर्ण कुंभ जैसा मनाने पर साधुसंत क्या कह रहे?
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंचायती श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने उत्तराखंड सरकार के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने बताया कि अमृत स्नान के दौरान सभी 13 अखाड़े क्रमवार स्नान करते हैं. अखाड़ों की भव्य शोभायात्राएं अपनेअपने अखाड़ों से हरकी पैड़ी तक पहुंचती हैं. यह कुंभ मेले का मुख्य आकर्षण होता है.
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2027 के हरिद्वार अर्धकुंभ को कुंभ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. सभी अखाड़े इस आयोजन में राज्य सरकार के साथ एकमत होकर खड़े हैं.
कुंभ में देव डोलियों का स्नान कब होगा?
इस बार हरिद्वार कुंभ2027 का एक प्रमुख आकर्षण 15 मार्च को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की देव डोलियों का स्नान होगा. इस दिन विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियां गंगा में स्नान करेंगी.
अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि हरिद्वार कुंभ क्षेत्र उत्तराखंड के चार जिलों हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और टिहरी तक फैला हुआ है. कुंभ मेला क्षेत्र करीब 150 वर्ग किलोमीटर में विस्तृत है, जिसे 32 सेक्टरों में बांटा गया है.
हरिद्वारऋषिकेश कॉरिडोर में कई काम
कुंभ की तैयारियों के तहत हरिद्वारऋषिकेश कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्य भी किए जा रहे हैं. इनमें कनखल स्थित सतीकुंड का सौंदर्यीकरण, हरकी पैड़ी से सटे कपूरथला हाउस घाट और कांगड़ा घाट का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण शामिल है. इसके अलावा रोड़ी बेलवाला का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. इन कार्यों से कुंभ मेला हरिद्वार के विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है.
प्रमुख स्नान तिथियां
- 14 जनवरी मकर संक्रांति
- 6 फरवरी मौनी अमावस्या
- 11 फरवरी बसंत पंचमी
- 20 फरवरी माघ पूर्णिमा
- 6 मार्च महाशिवरात्रि
- 8 मार्च फाल्गुन अमावस्या
- 15 मार्च देव डोली
- 7 अप्रैल नव संवत्सर
- 14 अप्रैल मेष संक्रांति
- 15 अप्रैल श्रीराम नवमी
- 20 अप्रैल चैत्र पूर्णिमा



