धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से अटकी मांगों और लंबित बकाया भुगतान को लेकर पेंशनरों का सब्र अब जवाब दे रहा है। गुरुवार को हजारों पेंशनर्स धर्मशाला पहुंचे और विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पेंशनरों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम ने पहले उन्हें मिलने के लिए बुलाया और फिर खुद विधानसभा छोड़कर हमीरपुर चले गए।

गुस्साए पेंशनरों ने सड़क पर कर दिया चक्का जाम

पेंशनरों का गुस्सा गुरुवार से ही सड़कों पर दिखा। सुबह करीब 11 बजे धर्मशाला के कचहरी चौक पर धरने के बाद पेंशनर रैली निकालते हुए शीला चौक पहुंचे और दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। इसके बाद जब वे विधानसभा की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने जोरावर स्टेडियम पहुंचकर शाम 4 बजे से 5:45 बजे तक फिर से धरना देकर ट्रैफिक रोक दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक शहर में यातायात ठप रहा।

 

5 फीसदी महंगाई राहत ऊंट के मुंह में जीरा

हिमाचल पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने सरकार द्वारा घोषित 5 फीसदी महंगाई राहत को नाकाफी बताया। उन्होंने कहा कि पिछली किस्तों का भी भुगतान नहीं हुआ है। पेंशनरों ने छठे वेतन आयोग के बकाया और महंगाई राहत की बची हुई 13 फीसदी किस्तों को जल्द जारी करने की मांग की, ताकि बुढ़ापे में उन्हें आर्थिक तंगी न झेलनी पड़े।

 

 

 

HRTC पेंशनरों की भी उठाई आवाज

प्रदर्शन में हिमाचल पथ परिवहन निगम HRTC के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। समिति ने कहा कि एचआरटीसी के पेंशनरों को पुरानी 3 फीसदी और नई 5 फीसदी महंगाई राहत का पैसा नहीं मिला है, जबकि ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को इसका लाभ दे दिया गया है। उन्होंने कुल 8 फीसदी राहत के साथ करीब 50 हजार रुपये की बकाया राशि और कॉरपोरेट सेक्टर के पात्र रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन देने की मांग की।

 

बात नहीं सुनी तो विधानसभा का होगा घेराव 

संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार को सीधा अल्टीमेटम दिया है कि अगर उन्हें बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया, तो इसी सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा, जिसमें 10 से 15 हजार पेंशनर जुटेंगे। इसके साथ ही सुरेश ठाकुर ने सरकार के पक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले एक स्वयंभू नेता पर भी निशाना साधा और कहा कि 18 बड़े संगठनों के इस आंदोलन को कमजोर करने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।