
राजस्थान के जोधपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. सूरसागर इलाके के मणाई गांव में दो सगी टीचर बहनों ने शादी से ठीक पहले मौत को गले लगा लिया. अब इस मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों ने सुसाइड की थ्योरी को पुख्ता कर दिया है.
मृतक बहनों, शोभा (25) और विमला (23) के मामा ने पुलिस के सामने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि उनकी दोनों भांजियां इस रिश्ते से खुश नहीं थीं. परिजनों का आरोप है कि शायद किसी सामाजिक दबाव या पसंद न होने के बावजूद यह रिश्ता तय किया गया था, जिसे दोनों बहनें बर्दाश्त नहीं कर पाईं और उन्होंने खौफनाक कदम उठा लिया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि
मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में यह साफ हो गया है कि दोनों बहनों की मौत जहर के कारण हुई है. हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या जहरीले पदार्थ की डिब्बी बरामद नहीं हुई है. पुलिस को अंदेशा है कि दोनों ने किसी दवा या जहरीली गोलियों की ओवरडोज ली थी. विसरा को प्रिजर्व कर FSL जांच के लिए भेजा गया है ताकि जहर के प्रकार का पता चल सके.
मोबाइल खोलेंगे मौत के राज
सूरसागर थानाधिकारी हरीशचंद्र के मुताबिक, पुलिस ने दोनों बहनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. पुलिस अब उनकी चैट हिस्ट्री, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया एक्टिविटी
की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शादी तय होने के बाद उनकी किसी से अनबन हुई थी या वे किसी तीसरे व्यक्ति के संपर्क में थीं.
इधर उठी अर्थियां, उधर दूल्हों के चढ़े फेरे
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जहां शनिवार को बारात आनी थी, वहां शुक्रवार रात ही सन्नाटा पसर गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन सामाजिक परंपराओं और रिश्तों के दबाव के बीच, दोनों दूल्हों की शादी आनन-फानन में दूसरी जगह कर दी गई. एक दूल्हे का विवाह बीकानेर के कोलायत में हुआ. दूसरे दूल्हे की शादी बालेसर के डेरिया मेरिया में संपन्न हुई. रविवार को दोनों दूल्हे अपनी नई दुल्हनों के साथ घर लौट आए, जबकि दूसरी तरफ दोनों बहनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया.




