
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं. लेकिन हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. कहीं उम्मीदवारों की गाड़ियां तोड़ी जा रही हैं तो कहीं उनको पीटा जा रहा है. गुरुवार को जब बीजेपी के नेता शुभेंदु सरकार बूथ जैमिंग के खिलाफ विरोध करने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई. उन्होंने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई. दक्षिण दिनाजपुर की कुमारगंज विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार को कई पोलिंग स्टेशन पर बूथ जैमिंग की जानकारी मिली थी. यह घटना तब हुई, जब वह एक बूथ पर पहुंचे और पोलिंग प्रक्रिया में रुकावट का विरोध करने लगे.
‘वे डर का माहौल पैदा करना चाहते हैं’
सरकार ने कहा, ‘कुमारगंज में, 8-10 पोलिंग स्टेशन्स पर हमारे एजेंट्स को जबरन हटाया गया. मैंने इसमें खुद दखल दिया और सुनिश्चित किया कि उन लोगों को दोबारा अंदर भेजा जाए. जब मैं बूथ नंबर 24 पर मुआयना करने गया तो उन लोगों ने मुझ पर और मेरी टीम पर हमला कर दिया. वे लोग डर का माहौल पैदा करना चाहते थे.पोलिंग स्टेशन्स पर सेंट्रल फोर्स तैनात थी, वे लोग परिसर के अंदर थे. लेकिन जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा तो वहां सिर्फ मेरा बॉडीगार्ड साथ था. मेरे साथ और कोई नहीं था.’
खेतों में भागकर बचानी पड़ी जान
इसके तुरंत बाद, TMC कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर पोलिंग बूथ से बाहर खदेड़ दिया और उनकी पिटाई की. TMC कार्यकर्ताओं ने सरकार के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों को भी काबू कर लिया और उनके साथ बदतमीजी की. सरकार और सुरक्षाकर्मी एक खेत से होकर भागे, जबकि कथित तौर पर TMC कार्यकर्ता उनका पीछा कर रहे थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार ने दावा किया कि उन्हें चोटें आई हैं और TMC कार्यकर्ताओं ने उनकी कार में तोड़फोड़ की है. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है.
सरकार के अलावा, TMC के मौजूदा विधायक तोराफ हुसैन मंडल, CPI(M) के मोफज्जल हुसैन और कांग्रेस के गुलाम मुर्तुजा मंडल भी इस सीट से चुनावी मैदान में खड़े हैं. साल 2021 के चुनाव में, टीएमसी के मंडल ने 89,763 वोटों से जीत हासिल की थी. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार मानस सरकार को 29,367 वोटों के अंतर से हराया था.
अग्निमित्रा पॉल के काफिले पर हमला
दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की आसनसोल विधानसभा सीट से विधायक और BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के काफिले पर दोपहर वोटिंग के दौरान हमला हुआ. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, जब काफिला आसनसोल के बर्नपुर स्थित रहमतनगर इलाके से गुजर रहा था, तब उस पर पत्थर फेंके गए. अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है. इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में एक कार की पिछली विंडशील्ड टूटी हुई दिखाई दे रही है.
फैशन डिजाइनर से राजनेता बनीं पॉल ने 2021 के राज्य चुनावों में आसनसोल दक्षिण सीट जीती थी, जब उन्होंने तृणमूल की सायनी घोष को हराया था, जो अब लोकसभा सांसद हैं. इस बार, उनका मुकाबला तृणमूल के तापस बनर्जी से है, जो पूर्व विधायक हैं.
इससे पहले आज, पॉल ने अपना वोट डालने के बाद मीडिया से बात की थी. उन्होंने कहा था, ‘हमें पूरा भरोसा है कि बंगाल की जनता BJP को ही वोट देगी. वे TMC को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ हैं. यह बंगाल को बचाने की एक लड़ाई है.’