
मुरादाबाद। इंजीनियर से यूट्यबर बने एक युवक ने मुरादाबाद में बहन की गर्दन, चेहरे, पीठ, पेट पर 40 से ज्यादा वार किए हैं। बरामदे, रसोई और कमरे और बेड पर खून पड़ा मिला है। घटनास्थल के हालात को देखकर लग रहा है कि हिमशिखा ने अपनी जान बचाने को संघर्ष किया है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां इंजीनियर से यूट्यबर बने एक युवक ने बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने मां पर भी जानलेवा हमला किया। घायल मां अस्पताल में भर्ती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि भाई बहन ने गुरुग्राम से आकर अपनी मां के साथ होली का त्योहार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया था।

शुक्रवार को दोनों वापस जाने की तैयारी कर चुके थे। हिमशिखा ने बैग पैक कर लिया था और मां के घर लौटने का इंतजार कर रही थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे हार्दिक रसोई में गया और चाकू लेकर बहन पर हमला कर दिया।
शव के पास ही मिला खून से सना चाकू
शव देखकर लग रहा था कि चालीस से ज्यादा वार किए गए हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रसोई, दोनों कमरे और घर के आंगन में भी खून पड़ा मिला। इससे साफ है कि हिमशिखा अपनी जान बचाने के लिए दौड़ी है। शव के पास ही खून से सना चाकू भी मिला है।

होली के लिए नए कपड़े भी लेकर आए थे दोनों
मझोला के बुद्धि विहार सेक्टर दो में रहने वाली नीलिमा का बेटा हार्दिक और बेटी हिमशिखा होली मनाने के लिए घर आए थे। नीलिमा का कहना है दोनों खुश थे। कहीं कुछ ऐसा नहीं लगा कि जिससे दोनों के बीच किसी प्रकार की अनबन दिखे। दोनों ही होली के लिए नए कपड़े भी लेकर आए थे।
जान बचाने के लिए हिमशिखा ने किया संघर्ष
शुक्रवार को ही भाई बहन को वापस जाना था। हिमशिखा का पैक बैग बरामदे में मिला है जबकि उसके पास ही जूते भी पड़े मिले हैं। बरामदे, रसोई और कमरे और बेड पर खून पड़ा मिला है। घटनास्थल के हालात को देखकर लग रहा है कि हिमशिखा ने अपनी जान बचाने को संघर्ष किया है।

गर्दन, चेहरा, पीठ और पेट पर 40 से ज्यादा वार
आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ, पेट पर 40 से ज्यादा वार किए हैं। हैरानी की बात है कि युवती की चीखने चिल्लाने की किसी ने आवाज तक नहीं सुनी। बहन की हत्या करने के बाद हार्दिक अपनी मां को दफ्तर से लेने गया है। घर लाकर उस पर भी हमला कर दिया। अगर शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा न होते तो हार्दिक अपनी मां की भी हत्या कर देता।
आस पड़ोस के लोगों से ज्यादा बात नहीं करता था परिवार
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आस पड़ोस के लोगों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि नीलिमा यहां अकेली रहती थी। उनका बेटा और बेटी गुरुग्राम में रहते थे। नीलिमा सुबह दफ्तर चली जाती थी और शाम को ही वापस आती थी। परिवार आस पड़ोस के लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करता था।

यूट्यूबर ने किया जुड़वां बहन का कत्ल, मां पर जानलेवा हमला
होली पर घर आए इंजीनियर ने अपनी जुड़वां बहन हिमशिखा (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दोनों भाई बहन गुरुग्राम में एक ही मकान में रहते थे और तीन मार्च को दोनों साथ में होली का त्योहार मनाने आए थे। हिमशिखा एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर थी जबकि आरोपी भाई हार्दिक (25) पहले गूगल में काम करता था लेकिन एक साल पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और यूट्यूबर बन गया था। शुक्रवार को दोनों वापस जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया।
दूसरे समुदाय की लड़की से शादी करना चाहता था हार्दिक
हार्दिक अपनी मां की भी हत्या करना चाहता था इसलिए वह उन्हें बहाना बनाकर उनके ऑफिस से घर ले आया और हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हुए तो वह कार लेकर भाग गया। घटना के मूल में बताया जा रहा है कि हार्दिक पुणे निवासी एक दूसरे समुदाय की लड़की से शादी करना चाहता था लेकिन उसकी मां और बहन तैयार नहीं थीं।
गुरुग्राम में रह रहे थे जुड़वां बेटे और बेटी
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जोगीपुरा निवासी नीलिमा अपने पति के साथ 1990 में मुरादाबाद आकर बस गई थीं। अभी करीब दो साल से वह बुद्धि विहार सेक्टर दो में गणेश पार्क के सामने किराये के मकान में रह रहीं थीं। उनके जुड़वां बेटे और बेटी हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहे थे।

आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थी हिमशिखा
बेटी हिमशिखा बीबीए करने के बाद आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थी और एमबीए कर रही थी, जबकि बेटा हार्दिक बीटेक करने के बाद पहले गूगल में नौकरी करता था लेकिन एक साल से वह नौकरी छोड़ने के बाद यूट्यूबर हो गया था। घायल नीलिमा ने पुलिस को बताया कि होली से एक दिन पहले ही भाई बहन घर आए थे।
अपनी मां व बहन से नाराज था हार्दिक
हार्दिक पुणे निवासी दूसरे समुदाय की एक लड़की से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता था। नीलिमा और उसकी बेटी हार्दिक की शादी के लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर हार्दिक अपनी मां व बहन से नाराज था।
शुक्रवार को बहन-भाई को हरियाणा वापस जाना था, लेकिन मां के ऑफिस से वापस लौटने से पहले ही हार्दिक ने चाकू से गोदकर बहन हिमशिखा की हत्या कर दी। उसकी गर्दन, चेहरे और शरीर पर चाकू से हमले किए और कंबल में उसका शव बांध दिया।
कंबल में बांध दिया बहन का शव
इसके बाद गेट बाहर से बंद कर दिया और मां को लेने ऑफिस पहुंच गया। उसने मां से कहा कि उन्हें हरियाणा अभी जाना है, इसलिए घर चलो। वह अपनी मां को ऑफिस से घर ले आया। बेटी की हत्या से अंजान मां ने जैसे ही घर में कदम रखा तो हार्दिक ने गेट बंद कर लिया। आंगन में कंबल में लिपटे बेटी के शव को देखकर नीलिमा की चीख निकल गई। इसी दौरान हार्दिक ने अपनी मां पर भी चाकू से हमला कर दिया।
शोर होने पर आस पड़ोस के लोग आए तो आरोपी घर के बाहर खड़ी कार में बैठकर भाग गया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटी को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां डॉक्टरों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रह है।
बहन की हत्या करने के बाद दिल्ली की तरफ भागा आरोपी
बहन की हत्या और मां पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी हार्दिक दिल्ली की ओर भागा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मझोला थाने की पुलिस ने अमरोहा पुलिस से संपर्क किया और जोया टोल चेक कराया। वहां से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने गढ़मुक्तेश्वर वाले टोल पर देखा लेकिन वहां से भी निकल गया, गढ़मुक्तेश्वर के बाद उसका पता नहीं चल पाया है।






