
ताजनगरी आगरा में वैलेंटाइन वीक के दौरान इश्क, बेवफाई और कत्ल की एक खौफनाक दास्तां सामने आई है. इसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. एक प्रेमी ने अपनी नई प्रेमिका के साथ वेलेंटाइन डे मनाने और उससे शादी करने के लिए अपनी पुरानी प्रेमिका को रास्ते से हटा दिया. हत्या की इस खौफनाक साजिश में प्रेमी के माता-पिता ने भी उसका साथ दिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब 6 फरवरी को यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास कंबल में लिपटा एक युवती का शव मिला.
युवती का चेहरा खून से लथपथ था और गले पर चोट के निशान थे. आगरा पुलिस ने AI का सहारा लेकर युवती का चेहरा साफ किया और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल की, जिससे उसकी पहचान महोबा निवासी सोनाली के रूप में हुई.
प्रेम के लिए छोड़ा था घर
सोनाली की कहानी किसी फिल्मी ट्रेजेडी से कम नहीं है. वो शादीशुदा थी, लेकिन दिल्ली के जहांगीरपुरी में रहने वाले सनी के प्यार में उसने 4 साल पहले अपना घर और पति छोड़ दिया था. उसे उम्मीद थी कि सनी उसे खुश रखेगा, लेकिन सनी देह व्यापार के काले धंधे से जुड़ा था.
हत्या की मुख्य वजह
इस बीच सनी का दिल किसी दूसरी लड़की पर आ गया था. सनी ने अपनी नई प्रेमिका से वादा किया था कि वह 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) को उससे शादी कर लेगा. सोनाली, सनी की दूसरी प्रेमिका का विरोध करती थी, इसलिए सनी ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया.
माता-पिता का साथ और कत्ल
सनी ने नई प्रेमिका के साथ जिंदगी शुरू करने के लिए सोनाली की गला दबाकर हत्या कर डाली. इस पाप में उसके पिता प्रदीप और मां ने भी साथ दिया. सनी ने एक थार गाड़ी किराए पर ली और शव को कंबल में लपेटकर ठिकाने लगाने निकला. उसका प्लान शव को किसी नदी में फेंकने का था, लेकिन सुबह होने के डर से उसने एक्सप्रेसवे के किनारे ही शव फेंक दिया और फरार हो गया.
पुलिस ने तोड़ा भ्रम
सनी को लगा था कि शव की पहचान नहीं हो पाएगी, लेकिन आगरा पुलिस ने महज 24 घंटे में न सिर्फ सोनाली की पहचान की, बल्कि सनी को भी दबोच लिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गिरफ्तारी के समय सनी पंजाब भागने की फिराक में था. पहले उसने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि सोनाली ने फांसी लगाई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसके झूठ की पोल खोल दी.




