Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम मन्याम जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद के बाद पति आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक की ओर भागा, जिसे बचाने के प्रयास में पीछे दौड़ी पत्नी और बेटे की भी तेज रफ्तार ट्रेन से कटकर मौके पर ही जान चली गई. एक साथ तीन लोगों की मौत से बोब्बिली और आर. वेंकम्पेटा इलाके में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बोब्बिली निवासी चल्लापल्ली श्रीनु, उनकी पत्नी चल्लापल्ली सिम्हाचलम और बेटे राजेश के रूप में हुई है. परिवार बोब्बिली से सीतानागरम मंडल के आर. वेंकम्पेटा के लिए निकला था.

बचाने के प्रयास में गई पत्नी और बेटे की भी जान

रास्ते में परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में धुत श्रीनु आवेश में आ गया और आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ पड़ा. पति को अनहोनी से बचाने के लिए पत्नी सिम्हाचलम और बेटा राजेश भी उनके पीछे भागे, लेकिन इसी दौरान वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया.

मौके पर ही तीनों की मौत, इलाके में पसरा मातम

ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि पति, पत्नी और बेटे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. एक सदस्य को बचाने की कोशिश में पूरे परिवार के खत्म होने की इस घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है.