मुंबई। महाराष्ट्र के नागपुर में डांस क्लास जाने और खाना बनाने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मानकापुर थाना क्षेत्र के झिंगाबाई टाकली स्थित गोविंद सिटी सोसाइटी में 38 वर्षीय यामिनी की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में उसके 41 वर्षीय पति कृष्ण लाल यादव को गिरफ्तार किया है और हत्या का केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को कृष्ण लाल काम से घर लौटा था। उसने पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा, लेकिन यामिनी सोसाइटी में होने वाली डांस क्लास में जाने की तैयारी कर रही थी और उसने खाना बनाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि उस समय कृष्ण लाल शराब के नशे में था और बहस के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, यह मारपीट दोनों बच्चों के सामने हुई। आरोप है कि कृष्ण लाल ने यामिनी की गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना के बाद यामिनी ने गर्दन और पेट में तेज दर्द की शिकायत की और पति से दर्द की दवा लाने के लिए कहा। कृष्ण लाल मेडिकल स्टोर गया, लेकिन दुकान बंद होने के कारण दवा नहीं ला सका।

इसके बाद यामिनी की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। उसका पेट सूज गया और हालत गंभीर हो गई। परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई गंभीर चोटें

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यामिनी के शरीर पर गंभीर चोटों की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर और आंत में गंभीर चोट पाई गई। पुलिस को गला दबाने के संकेत भी मिले। इसके बाद जांच का रुख बदल गया और पुलिस ने इसे हत्या के मामले के तौर पर जांचना शुरू किया।

मृतका के भाई के मुताबिक, परिवार को शुरुआत में लगा था कि यामिनी की मौत बीमारी या किसी हादसे के कारण हुई है। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कथित तौर पर गला दबाने और पेट पर गंभीर चोट पहुंचाने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने कृष्ण लाल यादव के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपी के खिलाफ उपलब्ध अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

मृतका के भाई ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले भी घरेलू विवाद होते थे, लेकिन यामिनी इसे पारिवारिक मामला बताकर परिवार के लोगों को बीच में पड़ने से रोक देती थी। परिवार का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि विवाद कभी इतनी गंभीर घटना में बदल जाएगा।

यामिनी की मौत के बाद उसके दो छोटे बच्चे अब मां के साये से दूर हो गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।