
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक घर में उस वक्त मातम पसर गया जब 12वीं मंजिल से गिरकर एक 3 साल के मासूम की जान चली गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा घर में अकेला था. एक छोटी सी चूक और बालकनी में रखी एक कुर्सी इस भीषण त्रासदी की वजह बन गई. घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गौर सिटी-1 (7th एवेन्यू) की है. यहां रहने वाले संजय पाल एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. रोज की तरह दोपहर के समय उनकी पत्नी अपने बड़े बेटे को पास ही ट्यूशन छोड़ने गई थीं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्हें लगा था कि वह कुछ ही मिनटों में लौट आएंगी, इसलिए 3 साल का मासूम सागनिक पाल घर में अकेला था.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सागनिक घर में खेलते-खेलते फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गया. बालकनी में एक कुर्सी रखी हुई थी. मासूम खेल-खेल में उस कुर्सी पर चढ़ गया और नीचे झांकने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जा गिरा.
सोसाइटी में मचा हड़कंप
ऊंचाई से बच्चे के गिरने की आवाज सुनते ही सुरक्षा गार्ड और नीचे मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े. खून से लथपथ सागनिक को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही सांसें थम गई थीं.
परिवार में मचा कोहराम
एसीपी बिसरख पवन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान सागनिक के रूप में हुई है. इस हादसे के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरी सोसाइटी में सन्नाटा पसरा है और लोग स्तब्ध हैं. इस घटना ने एक बार फिर ऊंची इमारतों में रहने वाले परिवारों के लिए बालकनी की सुरक्षा और छोटे बच्चों को अकेला छोड़ने के खतरों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





