
Today Weather Live: ठंड की विदाई हो चली है और गर्मी अब बस दस्तक देने वाली है. देशभर में मौसम लगातार करवट ले रहा है. उत्तर भारत में गर्मी का एहसास होने लगा है. राजधानी दिल्ली से लेकर पटना तक तापमान बढ़ने लगा है. वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहा मजबूत वेदर सिस्टम आज ‘महा-गर्जना’ का रूप लेने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दक्षिण भारत से शुरू होने वाला यह सिस्टम धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी भारत को भी प्रभावित करेगा. IMD के अनुसार 21 फरवरी से मौसम में बड़ा बदलाव शुरू होगा.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. तेज हवाएं 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर लौट सकता है, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. देशभर में मौसम का यह बदलाव सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम प्री-समर वेदर पैटर्न को प्रभावित करेगा और मार्च के मौसम का संकेत भी दे रहा है. कई राज्यों में बादल, तेज हवाएं और अचानक बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. वहीं कुछ राज्यों में गर्मी की शुरुआत भी तेज होने वाली है, जिससे देश में ‘दो तरह के मौसम’ एक साथ देखने को मिलेंगे.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 16 से 48 घंटों के दौरान देश के नौ राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, ओडिशा और कर्नाटक शामिल हैं. दक्षिण भारत में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है.
इस बीच पश्चिमी और मध्य भारत में तापमान बढ़ने का अनुमान है. गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव मौसमी ट्रांजिशन का हिस्सा है. इसमें सर्दी धीरे-धीरे खत्म होती है और गर्मी का असर बढ़ने लगता है.
9 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने स्पष्ट किया है कि 21 से 24 फरवरी के बीच कई राज्यों में बारिश का असर रहेगा. तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23-24 फरवरी को बारिश, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है इससे लोगों को फिलहाल राहत मिलेगी. हालांकि सुबह और देर रात के समय हल्की ठंड महसूस होती रहेगी और तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार देखने को मिला है. इससे प्रदूषण का स्तर पहले के मुकाबले कम हुआ है. दिन में धूप तेज रहेगी और दोपहर के समय हल्की गर्मी का एहसास शुरू हो सकता है. अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह के समय हल्की ठंडी हवाएं लोगों को फरवरी के बदलते मौसम का एहसास कराएंगी.
यूपी-उत्तराखंड का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य तौर पर साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा कई जिलों में परेशानी बढ़ा सकता है. पूर्वी यूपी के कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ समेत कई इलाकों में दृश्यता कम रहने की संभावना है. इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा.
वहीं उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 से 24 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी जिलों जैसे पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और नैनीताल में बादल छाए रहेंगे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी और ठंड फिर बढ़ सकती है.
बिहार-झारखंड में क्या होगा हाल
बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आएगा. दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर अभी भी बना रहेगा. पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधुबनी जैसे जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सर्दी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े पूरी तरह हटाने से बचने की सलाह दी गई है. सुबह हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जबकि दोपहर में मौसम सुहावना रहेगा. ग्रामीण इलाकों में सुबह की धुंध के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे किसानों और यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन के समय धूप तेज रहेगी, जिससे हल्की गर्मी का एहसास शुरू हो सकता है. हालांकि सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं चलने से मौसम संतुलित बना रहेगा. खेती कार्यों के लिए यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि बारिश न होने से खेतों में काम आसान रहेगा. तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर जा सकता है. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा.
हिमाचल और कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम फिर से करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 22 और 23 फरवरी के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा, राजौरी और श्रीनगर क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और ठंड बढ़ने के आसार हैं. बर्फबारी के कारण पहाड़ी मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है, इसलिए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम साफ रहेगा, लेकिन दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जयपुर, जोधपुर और उदयपुर जैसे शहरों में दोपहर के समय गर्मी का असर बढ़ने लगेगा. सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी, जिससे मौसम में दिन-रात का अंतर स्पष्ट महसूस होगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है और गर्मी की शुरुआती झलक देखने को मिलेगी.
तमिलनाडु में भारी बारिश
तमिलनाडु में 21 फरवरी से मौसम पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. चेन्नई, मदुरै और दक्षिणी तटीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, इससे समुद्री इलाकों में लहरें ऊंची हो सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है और तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतने को कहा गया है. लगातार बादल छाए रहने से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और मौसम सुहावना लेकिन अस्थिर बना रहेगा.






