महाराष्ट्र के बीड जिले के केज शहर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान तलवार से केक काटना दो युवकों को भारी पड़ गया. तलवार से केक काटने के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में केज पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान अजय तांदले और सदाशिव आंधले के रूप में हुई है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन फीट लंबी तलवार और छह तथा आठ इंच लंबे दो खंजर बरामद किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 6 अक्टूबर की रात की है. जन्मदिन मनाने के दौरान दोनों युवकों ने चाकू के बजाय तलवार से केक काटा. इसके बाद इस पूरी घटना का वीडियो बनाया गया और उसे इंस्टाग्राम पर साझा कर दिया गया. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने पर केज पुलिस ने वीडियो की जांच की और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की. जांच के आधार पर पुलिस ने 9 अक्टूबर को अजय तांदले और सदाशिव आंधले को हिरासत में लिया. पुलिस को आशंका है कि सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने से लोगों में भय का माहौल पैदा हो सकता है.
घर की तलाशी में मिले हथियार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सदाशिव आंधले के नामेवाड़ी स्थित घर की तलाशी ली. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तलाशी के दौरान म्यान समेत तीन फीट लंबी तलवार बरामद हुई. इसके अलावा छह इंच और आठ इंच लंबे दो खंजर भी मिले. पुलिस ने तीनों हथियार जब्त कर लिए हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और घटना के दौरान उनका इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया.



