Neemrana News: सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर परवान चढ़े प्यार का एक हैरान कर देने वाला अंत राजस्थान के नीमराना में देखने को मिला. शादी के सुनहरे सपने संजोकर सात समंदर पार कनाडा से भारत आई 61 वर्षीय कनाडाई महिला के साथ उस वक्त बड़ा धोखा हो गया, जब उसके भारतीय प्रेमी ने उसकी असल उम्र जानने के बाद शादी करने से साफ इनकार कर दिया. शादी से मुकरने पर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कनाडाई दूतावास और फिर पुलिस तक जा पहुंचा. दूतावास से मिली सूचना के बाद नीमराना पुलिस ने 14 नवंबर को तड़के करीब 4 बजे एक सोसाइटी में दबिश देकर महिला को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया.

नीमराना थानाधिकारी सुरेंद्र यादव के अनुसार, हरियाणा के पानीपत निवासी नितिन की मुलाकात करीब एक साल पहले एक डेटिंग ऐप के जरिए इस कनाडाई महिला से हुई थी. बाद में दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क में रहे. धीरेधीरे उनकी बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया.

शादी के इसी वादे पर भरोसा कर 61 वर्षीय महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची. नितिन खुद उसे एयरपोर्ट से रिसीव करने गया और वहां से राजस्थान के कोटपूतलीबहरोड़ जिले के नीमराना स्थित बीबी बिल्डर्स सोसाइटी में अपने मामामामी के फ्लैट पर ले आया. यहां दोनों करीब दो दिनों तक साथ रहे.

उम्र जानकर शादी से मुकरा नितिन, तो महिला ने कनाडाई दूतावास से मांगी मदद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो दिन साथ रहने के बाद जब शादी की तैयारियों को लेकर चर्चा आगे बढ़ी, तो नितिन को पता चला कि महिला की उम्र करीब 61 वर्ष है. उम्र में बड़े अंतर का पता चलते ही नितिन ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। प्रेमी के अचानक मुकर जाने से परेशान महिला ने 13 नवंबर को कनाडाई दूतावास से संपर्क कर पूरे विवाद की जानकारी दी. दूतावास ने तत्काल नीमराना पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद पुलिस टीम 14 नवंबर को सुबह करीब 4 बजे सोसाइटी पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले आई.

पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में नितिन को हिरासत में लिया था, जिसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया. वहीं, कनाडाई महिला को कोटपूतली स्थित एक सेंटर में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस अधिकारी कनाडाई दूतावास और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर महिला को सुरक्षित वापस कनाडा भेजने की व्यवस्था कर रहे हैं.