विमानन सेक्टर की निगरानी करने वाली संस्था DGCA ने मुश्किलों से जूझ रही एयरलाइन स्पाइसजेट को ‘कारण बताओ नोटिस’ भेजा है. सूत्रों के मुताबिक, इसमें लगातार उड़ानें रद्द होने, बकाया पेमेंट में देरी से कामकाज पर पड़ रहे असर और नियमों की अनदेखी पर कंपनी से पूरा जवाब मांगा गया है.

इस सस्ती हवाई सेवा देने वाली कंपनी की घरेलू बाजार में हिस्सेदारी अगस्त के 1.2 प्रतिशत से घटकर सितंबर में सिर्फ 0.6 प्रतिशत रह गई है. कंपनी संचालन से जुड़ी गंभीर परेशानियों का सामना कर रही है, इसकी वजह से फ्लाइट्स लगातार लेट हो रही हैं और रद्द भी करनी पड़ रही हैं.

‘7 दिनों में दें अपना जवाब’

नागर विमानन महानिदेशालय ने स्पाइसजेट के खराब होते प्रदर्शन पर सफाई मांगी है. यह गिरावट समय पर उड़ान भरने के गिरते रिकॉर्ड, फ्लाइट्स में बढ़ती देरी और रद्द होने वाली उड़ानों की बढ़ती संख्या से साफ दिखाई दे रही है. DGCA ने नोटिस में कहा है, “स्पाइसजेट के विमानों का एक बड़ा हिस्सा ग्राउंडेड है और एयरलाइन इन विमानों को फिर से सेवा में लाने के लिए कोई ठोस योजना पेश करने में नाकाम रही है.”

17 नवंबर को जारी किए गए नोटिस में रेगुलेटर ने कहा है कि एयरलाइन ने तय किए गए शेड्यूल के हिसाब से उड़ानें नहीं चलाईं. इसके अलावा, फ्लाइट्स रद्द होने, उनमें देरी होने और रुकावटों की वजह से यात्रियों को लगातार दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं और एयरलाइन ने यात्रियों की मदद के लिए जरूरी इंतजाम भी नहीं किए हैं. एयरलाइन को आदेश दिया गया है कि वो यह नोटिस मिलने के सात दिनों के अंदर इस पर अपना जवाब दे.

खबर अपडेट हो रही…

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।