
भिंड: मध्य प्रदेश में भिंड जिले के आलमपुर के करीब तालगांव में घर के अंदर पढ़ाई करते समय 10वीं क्लास में पढ़ने वाली 15 वर्षीय एक छात्रा की अचानक मौत हो गई। फिलहाल मौत का कारण साइलेंट अटैक माना जा रहा है। मृतक छात्रा की पहचान उर्वागी दुबे उर्फ गुनगुन के रूप में हुई है। बेटी इस तरह अचानक मौत से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पढ़ाई में काफी होशियार थी उर्वागी
परिजनों के अनुसार, उर्वागी पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसने हाल ही में दसवीं क्लास का अंतिम पेपर दिया था और परिजनों को बताया था कि उसे 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने की उम्मीद है। परीक्षा अच्छी जाने के कारण वह काफी खुश भी नजर आ रही थी। उर्वागी के पिता विनय कुमार दुबे अरूसी हाईस्कूल में पदस्थ हैं। घटना के बाद से परिवार में गम का माहौल है।
डॉक्टर ने मौत के पीछे साइलेंट अटैक की आशंका जताई
डॉक्टर ने बताया है कि छात्रा की मौत साइलेंट अटैक से होने की संभावना है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही असल कारण स्पष्ट हो जाएगा। डॉक्टर ने बताया है कि बच्चों में भी साइलेंट अटैक की घटनाएं लगातार तेजी से बढ़ रही है, इसलिए उनके खान-पान पर विशेष ध्यान देना बहुत आवश्यक है। माता-पिता से अपील है कि पैकेट वाली कोई भी सामग्री बच्चों को न खिलाएं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जंक फूड से दूरी बनाकर रखें। इसके साथ ही ज्यादा मोबाइल देखना भी साइलेंट अटैक का एक कारण माना जा रहा है।



