उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक मुकाबले के साथ कांग्रेस भी अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी है. इसी कड़ी में कांग्रेस ने 21 प्रतिशत दलित वोट बैंक को साधने के लिए संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपना बड़ा राजनीतिक हथियार बनाने की रणनीति तैयार की है.

संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का लखनऊ दौरा इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दे को आगे रखकर दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक पैठ बढ़ाना चाहती है.
खरगे के कार्यक्रम से कांग्रेस का दलित एजेंडा
कांग्रेस ने पहले संविधान रक्षा मार्च निकालने की योजना बनाई थी. प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर हजरतगंज स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाना था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी. अब खरगे दोपहर 12:40 बजे से 12:50 बजे तक आंबेडकर महासभा जाएंगे और उसके बाद 1 बजे से 3 बजे तक पार्टी कार्यालय में आयोजित ‘संविधान रक्षा सम्मेलन’ में शामिल होंगे. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया और सांसद तनुज पुनिया ने इसकी जानकारी दी है. पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल होंगे.
SIR के बहाने वोट के अधिकार का मुद्दा भी उठाएगी कांग्रेस
खरगे के लखनऊ दौरे का एक अहम राजनीतिक एजेंडा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR भी है. कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटने का खतरा है. पार्टी का कहना है कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और प्रवासी मतदाताओं पर पड़ सकता है.
2027 के लिए दलित वोट बैंक पर नजर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित वोट बैंक हमेशा निर्णायक भूमिका में रहा है. अब तक इस वोट बैंक पर बसपा का मजबूत प्रभाव रहा है, जबकि सपा भी PDA के जरिए दलितों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है. बीजेपी भी दलित वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार राजनीतिक और संगठनात्मक प्रयास कर रही है.
ऐसे में कांग्रेस की कोशिश है कि संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और बाबा साहेब आंबेडकर की विरासत के मुद्दे पर दलित समाज के बीच अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन वापस हासिल की जाए.
खरगे खुद दलित समुदाय से आते हैं. ऐसे में कांग्रेस उनके चेहरे और संविधान की विरासत को जोड़कर यूपी में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगी. कांग्रेस 2027 की लड़ाई में सिर्फ बीजेपी विरोध तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दे के सहारे दलितों के बीच अपनी अलग राजनीतिक पहचान और जनाधार तैयार करना चाहती है. लखनऊ का खरगे दौरा इसी बड़ी चुनावी कवायद का हिस्सा है.



