Snake Bite Meerut Murder: मेरठ के हस्तिनापुर में निजी स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि अतुल की हत्या उनकी पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार ने सुनियोजित साजिश के तहत कराई। आरोप है कि हत्या के लिए दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिने जाने वाले कॉमन करैत का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनू और उदय ने 15 हजार रुपये में एक सपेरे से करैत सांप खरीदा था। जांच में यह भी सामने आया है कि सांप को दो दिन तक भूखा रखा गया, ताकि वह ज्यादा आक्रामक हो जाए। बाद में उसी सांप से अतुल को डसवाने की साजिश को अंजाम दिया गया।
पोस्टमार्टम में सामने आई अहम जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांप का भी विशेषज्ञों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट के अनुसार, सांप दो दिन से भूखा था और उसके शरीर पर हमले के तीन निशान मिले, जिससे संकेत मिलता है कि उसे कई बार मारापीटा गया था।
क्यों खतरनाक होता है करैत सांप?
सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी के अनुसार, करैत के जहर में बेहद शक्तिशाली न्यूरोटॉक्सिन होता है। इसके काटने पर अक्सर न सूजन होती है और न ही तेज दर्द महसूस होता है। कई बार पीड़ित इसे मामूली कीड़े के काटने जैसा समझ लेता है, जिससे इलाज में देरी हो जाती है। यह जहर सीधे तंत्रिका तंत्र पर असर करता है। धीरेधीरे शरीर की मांसपेशियां काम करना बंद कर देती हैं, सांस लेने में दिक्कत होने लगती है और समय पर इलाज न मिलने पर श्वसन तंत्र फेल होने से जान भी जा सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों में शुरुआती इलाज बेहद महत्वपूर्ण होता है।
रात में ज्यादा सक्रिय रहता है करैत
कॉमन करैत एक निशाचर सांप है। यह आमतौर पर अंधेरे और शांत स्थानों में छिपा रहता है और रात के समय शिकार की तलाश में निकलता है। कई बार यह घरों में भी घुस जाता है, खासकर वहां जहां लोग जमीन पर सोते हैं।
गूगल पर खोजकर बनाई गई थी साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तुषार और दामिनी ने पहले गूगल पर करैत सांप और उसके जहर से जुड़ी जानकारी तलाश की थी। इसके बाद उन्होंने सांप की व्यवस्था करने के लिए सोनू और उदय से संपर्क किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे कई दिनों से इस सांप की तलाश कर रहे थे।
सपेरे और मेडिकल स्टोर संचालक भी जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि तुषार ने घटना से पहले एक मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां भी खरीदी थीं, जबकि सांप एक सपेरे के जरिए लाया गया था। अब पुलिस सपेरे और संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत से खुला राज
मृतक की पहचान अतुल कुमार पंवार के रूप में हुई है, जो बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे के साथ हस्तिनापुर के जेब्लॉक कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। करीब तीन महीने पहले दोनों ने मिलकर कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। शुक्रवार सुबह अतुल अपने कमरे में मृत मिले। पत्नी दामिनी ने आसपास के लोगों को बताया कि उन्हें सांप ने काट लिया है। कमरे में एक सांप भी मिला, जिसे स्थानीय लोगों ने मार दिया। शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश का लगा, लेकिन मृतक के परिजनों ने दामिनी पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच में पता चला कि स्कूल में बस चालक के रूप में काम करने वाला तुषार, दामिनी का प्रेमी था। पुलिस के मुताबिक, दोनों काफी समय से संपर्क में थे और अतुल को रास्ते से हटाकर साथ रहने की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने 20 लाख रुपये का जीवन बीमा करा रखा था। पुलिस का कहना है कि बीमा राशि हासिल करने और नई जिंदगी शुरू करने के इरादे से दोनों ने हत्या की साजिश रची। आरोप है कि सपेरों को इस काम के लिए रकम देने का भी वादा किया गया था।
पहले नींद की गोलियां, फिर सांप से दो बार डसवाया
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदीं और दामिनी को दीं। दामिनी ने ये गोलियां अतुल के खाने या दूध में मिलाकर उन्हें खिला दीं। रात करीब दो बजे जब अतुल गहरी नींद में थे, तब तुषार अपने दो सपेरा साथियों उदय कुमार और सोनू को लेकर घर पहुंचा। आरोप है कि सपेरों ने अतुल के हाथ और पैर पर दो बार सांप से डसवाया। इसके बाद सांप को जानबूझकर बिस्तर पर छोड़ दिया गया ताकि मौत को प्राकृतिक सर्पदंश का मामला दिखाया जा सके। वारदात के बाद तुषार और दोनों सपेरे वहां से चले गए।
सुबह पत्नी ने किया हादसे का नाटक
सुबह दामिनी ने शोर मचाते हुए दावा किया कि जब वह चाय लेकर कमरे में पहुंची तो अतुल अचेत पड़े थे और उन्हें सांप ने काट लिया था। पड़ोसियों की मदद से अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल ने खोल दी पूरी साजिश
पुलिस ने जब दामिनी और तुषार के मोबाइल फोन की जांच की तो दोनों के बीच लगातार बातचीत के सबूत मिले। तुषार के मोबाइल से सपेरे के साथ व्हाट्सएप चैट और सांप की तस्वीर भी बरामद हुई। इसके बाद सख्ती से पूछताछ में दामिनी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश कबूल कर ली। पुलिस ने तुषार और दोनों सपेरों को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें:
पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब 20 दिन पहले अतुल की कार से टक्कर मारकर हत्या करने की कोशिश की गई थी। हालांकि उस समय वह मामूली रूप से घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, उस घटना के पीछे भी तुषार और दामिनी की साजिश होने की आशंका है।
ये भी पढ़ें:



