
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां खजनी इलाके के धाधूपार गांव में एक पति ने अपनी 20 साल पुरानी शादी का खौफनाक अंत कर दिया। अवैध संबंध के शक में पागल हुए पति ने ना सिर्फ अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि अपने ही जवान बेटे को भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया।
आधी रात को खूनी खेल
घटना मंगलवार (3 मार्च) देर रात करीब 1 बजे की है। 44 वर्षीय अशोक निषाद अपनी पत्नी नीलम (40 वर्ष) के साथ घर में था। अचानक घर में चीख-पुकार मच गई। अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर पास रखे फावड़े से उसका गला रेंत दिया। कमरे का फर्श खून से लाल हो गया और नीलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे को भी मारने दौड़ा, खुद किया पुलिस को कॉल
वारदात के वक्त सो रहा 17 साल का बेटा सूरज जब मां की चीख सुनकर भागा, तो मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अशोक ने उसे भी मारने के लिए फावड़ा उठा लिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूरज ने भागकर अपनी जान बचाई और नाना को फोन किया। हैरानी की बात यह है कि कत्ल के बाद आरोपी अशोक भागा नहीं, बल्कि उसने खुद पुलिस को फोन घुमाया और ठंडे दिमाग से कहा कि मैंने पत्नी को मार दिया है, उसकी लाश घर में पड़ी है।
मुंबई में कारपेंटर था, अब करता था खेती
पुलिस जांच में सामने आया कि अशोक पहले मुंबई में कारपेंटर (बढ़ई) का काम करता था, लेकिन कुछ समय से गांव में रहकर खेती और पशुपालन कर रहा था। पिछले कुछ महीनों से उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था, जिसे लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था। इसी शक की आग में उसने हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया।
सीन रीक्रिएशन और पुलिस कार्रवाई
बुधवार सुबह पुलिस आरोपी को लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंची और सीन रीक्रिएशन किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद कर लिया है। मृतका के पिता की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर अशोक को जेल भेज दिया गया है। 20 साल का साथ एक पल के शक में खत्म हो गया और दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि बाप जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया।





