देश के सबसे बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स में से एक ‘बिसलेरी’ की गुणवत्ता को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की जांच में बिसलेरी के पानी के एक सैंपल में ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ का संक्रमण पाया गया है. दो अलगअलग लैब में इस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है.

जलपाईगुड़ी प्लांट से उठाया गया था सैंपल
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जुलाई 2026 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले स्थित बिसलेरी के प्लांट से पानी का यह सैंपल जांच के लिए लिया था. प्राथमिक प्रयोगशाला की जांच में सैंपल फेल होने के बाद इसे रेफरल लैब भेजा गया था. रेफरल लैब ने भी अपनी रिपोर्ट में पानी के अंदर कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की है.
खास बैच पर लगी रोक
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस खास बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया. इसके साथ ही, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति भी जारी कर दी गई है.
प्रभावित बैच का विवरण
• बैच नंबर: PB 201
• निर्माण तिथि : 20.07.2026
• उपयोग की अंतिम तिथि : 19.01.2027
देशभर में अन्य वाटर ब्रांड्स की भी हो रही जांच
इस मामले के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के मकसद से देशभर में मौजूद अन्य सभी पैकेज्ड वाटर ब्रांड्स के सैंपलों की भी बड़े पैमाने पर जांच की जा रही है.
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे पानी की बोतल खरीदने या पीने से पहले उस पर छपे विवरण की जांच जरूर करें. यदि आपके पास बैच नंबर PB 201 और निर्माण तिथि 20.07.2026 वाली बिसलेरी की बोतल है, तो उसका सेवन बिल्कुल न करें.



