Pawan Kalyan Marriage Separation:साउथ फिल्मों के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी तीसरी पत्नी अन्ना लेजनेवा से अलग होने का फैसला किया है। शादी के 13 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का ऐलान किया। संयुक्त बयान में दोनों ने कहा कि शादी भले ही खत्म हो रही है, लेकिन वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे। बच्चों की खुशी और उनकी परवरिश दोनों की प्राथमिकता रहेगी। पवन और अन्ना ने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।

अन्ना से 2013 में की थी शादी
पवन कल्याण और अन्ना लेजनेवा की मुलाकात फिल्म ‘तीन मार’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं। दोनों ने 30 सितंबर 2013 को शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं। अब 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है। हालांकि, संयुक्त बयान में अलग होने की वजह नहीं बताई गई है।
पहली पत्नी नंदिनी से 2008 में हुआ तलाक
पवन कल्याण ने 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी। कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में परेशानी आने लगी और वे अलग रहने लगे। हालांकि, कानूनी रूप से उनका तलाक 2008 में हुआ। इस रिश्ते को लेकर पवन ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने परिवार की इच्छा से शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच चीजें ठीक नहीं रहीं।
दूसरी शादी भी नहीं चली
नंदिनी से अलग होने के बाद पवन कल्याण अभिनेत्री रेनू देसाई के करीब आए। दोनों ने 2009 में शादी की। इस रिश्ते से उनके एक बेटा अकिरा नंदन और एक बेटी आध्या हैं। हालांकि, यह शादी भी ज्यादा समय तक नहीं चली। 2012 में दोनों का तलाक हो गया। इस रिश्ते के टूटने की असली वजह को लेकर अलगअलग खबरें आईं, लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की।
खुद को बताया था संयोग से एक्टर बना इंसान
पवन कल्याण ने 1996 में फिल्म ‘अक्कड़ा अम्मायी इक्कड़ा अब्बायी’ से एक्टिंग करियर शुरू किया था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उनके बड़े भाई चिरंजीवी और नागेंद्र बाबू भी फिल्म इंडस्ट्री के जानेमाने नाम हैं। बताया जाता है कि पवन का मन एक्टिंग से ज्यादा खेती में लगता था, लेकिन उनकी भाभी सुरेखा ने उन्हें फिल्मों में आने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने लगातार कई सफल फिल्में दीं और ‘पावर स्टार’ के नाम से पहचान बनाई।
अभिनेता से बने आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM
फिल्मों में पहचान बनाने के बाद पवन कल्याण ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने 14 मार्च 2014 को जनसेना पार्टी बनाई। 2024 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने TDP और BJP के साथ गठबंधन किया। चुनाव में जनसेना ने 21 सीटें जीतीं। इसके बाद पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बने। अब अन्ना से अलग होने के ऐलान के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है।



