देश में कहीं भी धर्म के आधार पर आबादी में बदलाव आ रहा है या फिर घुसपैठिए की संख्या बढ़ती जा रही है तो अब आम लोग भी केंद्र सरकार से इंटरनेट के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं. इसके लिए आबादी में बदलाव यानी डेमोग्राफी पर हाईलेवल कमेटी ने आधिकारिक रूप से वेब पोर्टल लॉन्च कर दिया है. इस कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर हैं.

इस वेब पोर्टल का उद्देश्य आबादी में बदलावों से जुड़े डेटा को वैज्ञानिक तरीके से इकट्ठा करने में मदद करना और इसमें आम लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देना है. यह पोर्टल पूरी तरह से चालू है और आम जनता के लिए खुला है. इसके ज़रिए केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों, राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों, NGO और आम लोगों को यह मौका मिलेगा कि वे असामान्य आबादी बदलावों, उनके “कारणों और इन बदलावों के पीछे के कारकों” के बारे में अपनी राय दें और डेटा शेयर करें. वहीं, इस डेमोग्राफी चेंज का पता 6 सदस्यीय टीम लगाएगी. आइए जानते हैं इस टीम में कौनकौन हैं?

1 सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर

मध्य प्रदेश के जबलपुर में कानून के जानकारों के एक प्रतिष्ठित परिवार में जन्मे जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर ने 1965 में जबलपुर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की. उन्होंने अपने कानूनी करियर की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एपी सेन और जस्टिस जेएस वर्मा के मार्गदर्शन में की. नावलेकर ने दीवानी , आपराधिक, संवैधानिक, कंपनी, श्रम और सेवा मामलों में व्यापक रूप से वकालत की. 1992 में वे मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने. बाद में उन्होंने राजस्थान उच्च न्यायालय में अपनी सेवाएं दीं और गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी कार्य किया. 2004 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त किया गया. 2008 में वे रिटायर हुए हुए. 2009 में उन्हें मध्य प्रदेश का लोकायुक्त नियुक्त किया गया, जिस पद पर वे 2016 तक रहे.

2 आईएएस अधिकारी मृत्युंजय कुमार नारायण

आईएएस मृत्युंजय कुमार नारायण 1 नवंबर 2022 से भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त हैं. वे भारत सरकार में सचिव स्तर के अधिकारी हैं. इससे पहले, वे गृह मंत्रालय में अपर सचिव और विद्युत मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं. नारायण उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. नारायण ने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में B.Tech और M.Tech की डिग्री ली है. इसके अलावा किंग्स कॉलेज लंदन से पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में M.Sc. और लखनऊ विश्वविद्यालय से LLB की डिग्री प्राप्त की है.

3 रिटायर्ड आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्र

दुर्गा शंकर मिश्र उत्तर प्रदेश कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. चार दशकों से अधिक के करियर के बाद वे जून 2024 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के पद से रिटायर हुए. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों में आंतरिक सुरक्षा, खनन, शहरी विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, नागरिक उड्डयन और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है. उन्होंने नई संसद भवन और सेंट्रल विस्टा जैसे प्रोजेक्ट की देखरेख की. वे आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं. इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न सिडनी से एमबीए की डिग्री ली और द हेग स्थित आईएसएस से पब्लिक पॉलिसी में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा प्राप्त किया है.

4 रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव

रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव 1988 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी हैं, जिनकी तीन दशकों से अधिक की सर्विस रही है. उन्होंने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत ‘ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट’ में महानिदेशक के रूप में कार्य किया है. इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली के अंतरिम पुलिस आयुक्त, पुडुचेरी और मिजोरम के DGP, तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के DGP जैसे वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं. उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र में डिग्री प्राप्त की है. दिल्ली विश्वविद्यालय से LLB की डिग्री भी हासिल की है. उन्हें ‘मेरिटोरियस सर्विस’ के लिए पुलिस मेडल और ‘डिस्टिंग्विश्ड सर्विस’ के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है.

5 EACPM की सदस्य डॉ शमिका रवि

डॉक्टर शमिका रवि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य हैं. वह विकास अर्थशास्त्र, वित्त, स्वास्थ्य सेवा, शहरीकरण, लैंगिक मुद्दों, कल्याण और गरीबी जैसे विषयों की विशेषज्ञ एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री हैं. उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस और बिट्स स्कूल ऑफ मैनेजमेंट जैसे प्रमुख संस्थानों में पढ़ाया है. डॉ रवि ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में पीएचडी, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री और लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन से अर्थशास्त्र में बीए की डिग्री प्राप्त की है.

6 आईएएस अधिकारी प्रशांत सीताराम लोखंडे

आईएएस अधिकारी व सदस्य सचिव प्रशांत सीताराम लोखंडे का जन्म 20 नवंबर 1973 को हुआ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वे 2001 बैच के इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस ऑफिसर हैं, जो AGMUT कैडर में काम कर रहे हैं. उनके पास पुणे यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.E. और NITIE मुंबई से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा है. वे अभी 2 जून 2026 से नई दिल्ली में होम अफेयर्स मिनिस्ट्री के तहत होम डिपार्टमेंट में एडिशनल सेक्रेटरी हैं. उनके पिछले रोल में चेयरपर्सन, एडिशनल सेक्रेटरी, जॉइंट सेक्रेटरी, प्राइवेट सेक्रेटरी, काउंसलर, सेक्रेटरी, डिप्टी कमिश्नर, डायरेक्टर और डिप्टी सेक्रेटरी शामिल हैं.