सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। बद्दी क्षेत्र के ग्रामीणों ने सरकार की इस योजना का विरोध शुरू कर दिया है। रविवार को 14 पंचायतों के किसानों और ग्रामीणों ने बैठक कर साफ कर दिया कि वे अपनी निजी और पैतृक जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे।

14 पंचायतों के किसानों ने बैठक कर जताया विरोध
शीतलपुर स्थित शिव मंदिर के पास रविवार को ग्रामीणों की एक बड़ी बैठक हुई। इसमें सैकड़ों किसान और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने सरकार की ओर से प्रस्तावित टाउनशिप के लिए जमीन अधिग्रहण करने की योजना पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार करीब 8,435 बीघा जमीन और लोगों की निजी संपत्तियों का अधिग्रहण करने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि वे इस फैसले को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे।
पहले कहा था सरकारी जमीन पर बनेगी टाउनशिप
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि पहले सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भरोसा दिलाया गया था कि हिम चंडीगढ़ योजना केवल सरकारी जमीन पर ही बनाई जाएगी। किसानों की निजी जमीन नहीं ली जाएगी। इसी भरोसे के चलते लोगों ने शुरुआत में योजना का ज्यादा विरोध नहीं किया था। लेकिन अब हिमुडा की ओर से जारी अधिसूचना में निजी जमीन, मकान, आबादी देह और लोगों के घरों से जुड़ी संपत्तियों के अधिग्रहण की बात सामने आई है। इसके बाद से ही क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ गई है।
अपनी जमीन नहीं देंगे, खेती ही हमारी रोजी-रोटी
संघर्ष समिति के प्रधान भाग सिंह ने कहा कि किसान अपनी निजी जमीन किसी भी कीमत पर हिम चंडीगढ़ टाउनशिप के लिए नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ज्यादातर लोगों की रोजी-रोटी खेती और अपनी जमीन पर निर्भर है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण होने से लोगों के सामने रोजगार और परिवार चलाने का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को चंडीगढ़ जैसी टाउनशिप बनाने के बजाय क्षेत्र में अच्छी सड़कें, अस्पताल और स्कूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवानी चाहिए। ग्रामीण अपने घर और जमीन छोड़कर कहीं दूसरी जगह नहीं जाना चाहते।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
भाग सिंह ने बताया कि आगामी रेडक्रॉस मेले में प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें हिम चंडीगढ़ योजना को रद्द करने और निजी जमीन के अधिग्रहण का फैसला वापस लेने की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसके बाद भी सरकार ने ग्रामीणों की बात नहीं सुनी तो संघर्ष समिति धरना-प्रदर्शन करेगी। जरूरत पड़ने पर अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
सरकार लोगों को उजाड़ने का काम कर रही : राजकुमार
जिला परिषद सदस्य राजकुमार ने भी सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है। ग्रामीण इस फैसले के पूरी तरह खिलाफ हैं और उनके साथ होने वाले अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो लोग सड़कों पर उतरेंगे और अदालत का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में पूर्व विधायक समेत कई नेता रहे मौजूद
ग्रामीणों की इस बैठक में पूर्व विधायक सरदार परमजीत सिंह पम्मी, भाजपा नेताओं और 14 गांवों के लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी ने एकजुट होकर निजी जमीन के अधिग्रहण का विरोध करने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे किसानों के हितों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
चंडीगढ़ से महज 30 किलोमीटर दूर है प्रस्तावित टाउनशिप
प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप सोलन जिले के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN) औद्योगिक क्षेत्र के शीतलपुर में विकसित की जानी है। यह जगह चंडीगढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर है। परियोजना के दायरे में आने वाले ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मिनी चंडीगढ़ नहीं चाहिए। क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़कें, अस्पताल, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर चाहिए। उनका कहना है कि विकास के नाम पर लोगों को उनकी पैतृक जमीन और घर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
हिमुडा ने 8 हजार बीघा से ज्यादा जमीन के लिए जारी की अधिसूचना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस साल जनवरी में कहा था कि तीन पंचायतें इस परियोजना के लिए जमीन देने को तैयार हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने 23 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की। इसमें निजी जमीन समेत 8,000 बीघा से अधिक जमीन के अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, 17 नवंबर को मुख्यमंत्री ने सदन में बताया था कि सरकार ने चंडीगढ़ में कोई जमीन नहीं बेची है, बल्कि 8,000 बीघा जमीन आवास विभाग को हस्तांतरित की है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब इस परियोजना को लेकर प्रभावित गांवों के किसान एकजुट हो गए हैं और अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष का ऐलान कर चुके हैं।



