मंडी। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में हुई एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। इस शादी में बारात लेकर कोई पड़ोसी राज्य से नहीं, बल्कि सात समंदर पार ब्रिटेन से पहुंचा। दूल्हा अपने परिवार और 26 विदेशी मेहमानों के साथ मंडी के करसोग स्थित कुटी गांव पहुंचा। यहां हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में निभाई गईं। खास बात यह रही कि विदेशी बाराती भी हिमाचली रंग में रंगे नजर आए। किसी ने पहाड़ी नाटी पर ठुमके लगाए तो कोई हिंदी गानों पर जमकर झूमा। अब इस अनोखी शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

पहाड़ी नाटी पर विदेशी मेहमानों ने जमकर लगाए ठुमके

शादी में आए विदेशी मेहमानों ने अपने डांस से खूब रंग जमाया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप सुनते ही बाराती खुद को नाचने से रोक नहीं पाए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। किसी ने पहाड़ी नाटी पर कदम मिलाए तो कोई हिंदी गानों पर झूमता नजर आया। कुछ विदेशी बाराती हाथों में बीयर की बोतलें लेकर भी डांस करते दिखे। सभी ने शादी का खूब आनंद लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विदेशी मेहमान हिमाचली संस्कृति और यहां के माहौल में पूरी तरह रंगे नजर आ रहे हैं।

 

विदेश में रहने के बाद भी पैतृक गांव में की शादी

इस जोड़े ने विदेश में रहने के बावजूद अपनी शादी के लिए हिमाचल को चुना। दुल्हन का पैतृक गांव करसोग का कुटी है। दूल्हा अपने परिवार और दोस्तों के साथ ब्रिटेन से यहां पहुंचा और स्थानीय रीति-रिवाजों के साथ शादी की। दोनों परिवारों ने मिलकर पारंपरिक तरीके से शादी समारोह आयोजित किया। इस दौरान गांव में भी शादी को लेकर खूब रौनक देखने को मिली।

जर्मनी में शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी

दुल्हन के पिता लवेश्वर चौहान ने बताया कि उनकी बेटी नेहा पिछले छह साल से जर्मनी में रह रही है। वह जिस यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर चुकी हैं, वहीं अब प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि दामाद पेशे से इंजीनियर हैं। दोनों ने मिलकर फैसला लिया था कि शादी हिमाचल में ही होगी और यहां के रीति-रिवाजों के साथ ही सभी रस्में निभाई जाएंगी।

 

 

शादी में ब्रिटेन समेत विदेश से कुल 26 मेहमान पहुंचे थे। अब शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं और बेटी की विदाई भी हो गई है। दुल्हन के पिता लवेश्वर चौहान रिटायर प्रिंसिपल हैं और वर्तमान में पंचायत प्रधान भी हैं।

हिमाचली टोपी और सेहरे में नजर आया ब्रिटिश दूल्हा

शादी में ब्रिटिश दूल्हे का देसी अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आया। दूल्हे ने सिर पर हिमाचली टोपी पहनी और पारंपरिक सेहरा सजाया। वहीं, विदेशी मेहमान भी हिमाचली पगड़ियां पहनकर शादी में शामिल हुए। सभी ने यहां के पहनावे और परंपराओं को अपनाया। वीडियो में दूल्हा-दुल्हन भी एक साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, दोनों को पारंपरिक पालकी में बैठाकर ले जाने का नजारा भी देखने को मिला।

 

पालकी और पहाड़ी नाटी ने शादी को बनाया खास

इस शादी में सिर्फ विदेश से आई बारात ही चर्चा में नहीं रही, बल्कि विदेशी मेहमानों का हिमाचली संस्कृति के प्रति प्यार भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। ढोल-नगाड़ों की थाप, हिमाचली टोपी, पगड़ियां, सेहरा और पारंपरिक पालकी ने शादी को खास बना दिया। विदेशी बारातियों ने जिस तरह पहाड़ी नाटी और हिंदी गानों पर डांस किया, उसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। यही वजह है कि शादी के वीडियो और तस्वीरें अब इंस्टाग्राम और फेसबुक पर खूब शेयर किए जा रहे हैं।